उत्तर प्रदेश की कृषि उत्पादन मंडियों में स्वच्छता और किसानों की सुविधाएं बेहतर बनाने के लिए अक्टूबर में 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने प्रदेश की सभी मंडियों और उपमंडी स्थलों पर ‘स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान-2026’ संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के तहत मंडी परिसरों में जमा कूड़ा हटाने, बंद नालियों की सफाई और जलभराव वाले स्थानों को दुरुस्त करने पर जोर रहेगा। अनुबंधित सफाई ठेकेदारों को सभी सफाईकर्मियों की मदद से निर्धारित स्थलों पर व्यापक सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं।
किसानों की सहूलियत पर जोर
अक्टूबर में धान और अन्य कृषि उपज की आवक बढ़ने के साथ त्योहारों के मद्देनजर मंडियों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने की तैयारी है। नीलामी चबूतरों, दुकानों, शौचालयों और किसान विश्राम गृहों की सफाई के साथ जलापूर्ति व निकासी सुनिश्चित की जाएगी।
निर्माण और मरम्मत कार्यों के बाद बची अनुपयोगी सामग्री तथा मलबा भी हटाया जाएगा। जरूरत के मुताबिक नमी वाले स्थानों पर चूने का छिड़काव कराने के निर्देश हैं। अभियान का उद्देश्य मंडियों में स्वच्छ वातावरण बनाकर किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।