GANESH PANDAL ACCIDENT: मंडला जिले के नैनपुर क्षेत्र के हीरापुर गांव में शनिवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद पंडाल में सो रहे युवकों पर अचानक बिजली का तार टूटकर गिर गया। करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
विसर्जन के बाद पंडाल में सोए थे युवक
जानकारी के मुताबिक, गणेश समिति के सदस्य शनिवार सुबह करीब 4 बजे प्रतिमा का विसर्जन कर वापस लौटे थे। इसके बाद झांकी में रखे सामान की रखवाली के लिए आठ युवक पंडाल में ही सो गए। कुछ घंटे बाद अचानक बिजली का तार टूटकर पंडाल पर गिर गया और वहां करंट फैल गया।
चार युवकों की गई जान
हादसे में जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) की मौत हो गई। वहीं तीन युवक करंट की चपेट में आने से घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान प्रियांशु के रूप में हुई है। उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
सुबह-सुबह गांव में मचा हड़कंप
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हादसे की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की प्रक्रिया की गई, जबकि घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
बिजली कंपनी की टीम कर रही जांच
एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के अनुसार, पंडाल पक्का बना हुआ था। प्रारंभिक तौर पर बिजली का तार टूटने या शॉर्ट सर्किट के कारण करंट फैलने की बात सामने आई है। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट करने के लिए बिजली कंपनी की टीम जांच कर रही है।
हादसे के बाद उठे सुरक्षा पर सवाल
गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद पंडाल में रुके युवकों के साथ हुए इस हादसे ने बिजली कनेक्शन और पंडाल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि बिजली का तार किस वजह से टूटा और पंडाल में करंट कैसे फैला।