मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर में गरबा की प्रैक्टिस के दौरान एक युवती को बंदूक की नोक पर किडनैप करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नवरात्रि से पहले हो रही इस प्रैक्टिस में कई महिलाएं और लोग मौजूद थे, तभी कुछ बदमाश मौके पर पहुंचे और सभी को डराते हुए युवती को जबरन अपने साथ ले गए। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपी बेखौफ अंदाज में युवती को भीड़ के बीच से खींचकर ले जाते नजर आ रहे हैं।
घटना का पूरा मामला
घटना मंदसौर के कोतवाली थाना क्षेत्र के खानपुरा की है, जहां नवरात्रि की तैयारियों के तहत गरबा की प्रैक्टिस चल रही थी। इसी दौरान अचानक कार में सवार कुछ लोग पहुंचे और बंदूक लहराते हुए वहां मौजूद महिलाओं को धमकाया। इसके बाद उन्होंने युवती को बलपूर्वक गाड़ी में बैठाकर फरार हो गए। इस दौरान वहां मौजूद लोग डर के कारण कुछ कर नहीं सके।
पारिवारिक विवाद से जुड़ा मामला
पुलिस जांच में सामने आया कि युवती पहले से शादीशुदा थी, लेकिन वह शादी के बाद भी एक अन्य युवक के साथ मंदसौर में रह रही थी। इसी विवाद को लेकर युवती के मायके और ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर यह अपहरण किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात ही युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया।
आरोपियों की गिरफ्तारी
मामले में पुलिस ने एक महिला सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ अपहरण और हथियार दिखाकर धमकाने जैसी धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार की जांच की जा रही है।