ROAD ACCIDENT: मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में मंगलवार तड़के दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गरोठ थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में कार सवार तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। बताया गया कि सभी लोग हरियाणा से सांवरिया सेठ और खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे। हादसा करीब सुबह 4:30 बजे हुआ।
दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक कार में चार लोग सवार थे। वे हरियाणा से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। रास्ते में गरोठ क्षेत्र के पास उनकी कार खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन यात्रियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया।
तीन लोगों की मौके पर मौत
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान गुड़गांव के सिकंदरपुर निवासी अरविंद अहीर (39), नाथूपुर निवासी बिन्दर अहीर (33) और राजस्थान के अलवर जिले के बहरोड़ क्षेत्र के पहेल निवासी कैलाश चंद्र गुर्जर (34) के रूप में हुई है। घायल जितेंद्र अहीर (40) गुड़गांव के रहने वाले हैं और उनका उपचार चल रहा है।
घायल ने बताई हादसे की वजह
अस्पताल में भर्ती जितेंद्र अहीर ने बताया कि हादसे के वक्त तेज बारिश हो रही थी और काफी अंधेरा था। उनके मुताबिक एक्सप्रेसवे पर ट्रक बिना इंडिकेटर या लाइट के खड़ा था। कम दृश्यता के कारण कार चालक को ट्रक समय पर दिखाई नहीं दिया और कार पीछे से उसमें जा घुसी।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही गरोठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों और घायल की पहचान करने के बाद शवों को सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंपे जाएंगे।
ट्रक की स्थिति भी जांच का हिस्सा
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे पर ट्रक किस स्थिति में खड़ा था और उसके पीछे चेतावनी संकेत, इंडिकेटर या लाइट की व्यवस्था थी या नहीं। हादसे के कारणों की पूरी तस्वीर जांच के बाद सामने आएगी।