Gustaakh Ishq OTT release: विजय वर्मा और फातिमा सना शेख अभिनीत रोमांटिक ड्रामा फिल्म गुस्ताख इश्क सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर रिलीज होने के लिए तैयार है। ‘गुस्ताख इश्क’ 27 जनवरी 2026 से जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होने जा रही है। इसकी घोषणा सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए खुद जियोहॉटस्टार ने की है। इस फिल्म का निर्देशन विभु पुरी ने किया है। IMDb पर इसे 8.3 रेटिंग मिली है।
जियोहॉटस्टार ने किया पोस्ट
हाल ही में जियो हॉटस्टार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें लिखा गया कि, “एक दास्तां जो दिल को छुएगी… पुरानी दिल्ली की गलियों से निकली यह गुस्ताख इश्क की कहानी! देखिए #GustaakhIshq 27 जनवरी से सिर्फ जियोहॉटस्टार पर।”
फिल्म की कहानी
आपको बता दें कि 1998 की पृष्ठभूमि में रची गई ‘गुस्ताख इश्क’ अनकही भावनाओं, शायरी और संयम भरे प्रेम की कहानी है। कहानी पप्पन नामक युवक के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो कला के माध्यम से अपने जीवन का अर्थ तलाश रहा है। उसकी जिंदगी तब नया मोड़ लेती है जब उसकी मुलाकात एक एकांतप्रिय शायर और उसकी आत्मनिर्भर बेटी से होती है।
यह भी पढ़ें: Border 2 Movie Release: ‘बॉर्डर 2’ को मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स, लोग बोले-'ये साल की पहली ब्लॉकबस्टर फिल्म है'
मनीष मल्होत्रा की नजर से ‘गुस्ताख इश्क’
वहीं, इस फिल्म के निर्माता मनीष मल्होत्रा ने फिल्म को ‘टाइमलेस रोमांस’ बताते हुए कहा कि यह कहानी प्रेम को उसकी सबसे कोमल और संवेदनशील शक्ल में पेश करती है। विजय वर्मा के मुताबिक ‘गुस्ताख इश्क’ प्रेम को गरिमा और संयम के साथ पेश करती है, जहां भावनाएं धीरे-धीरे अपनी परतें खोलती हैं। वहीं फातिमा सना शेख ने कहा कि यह किरदार उनके दिल के बेहद करीब है, क्योंकि इसमें भावनाओं को शब्दों से ज़्यादा ख़ामोशी के जरिए व्यक्त किया गया है।
फिल्म की कास्ट
फिल्म में विजय वर्मा और फातिमा सना शेख के अलावा नसीरुद्दीन शाह, शरिब हाशमी, जया भट्टाचार्य, नताशा रस्तोगी, जैन खान दुर्रानी और फैसल राशिद जैसे अनुभवी कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन विभु पुरी ने किया है। इस फिल्म के निर्माता मनीष मल्होत्रा है।