Meerut News: परतापुर थाना क्षेत्र के महरौली गांव में बुधवार सुबह एक आम के बाग में पेड़ से लटका हुआ एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर परतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जांच शुरू की।
अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है। शव महरौली गांव निवासी संदीप पुत्र बृजपाल सिंह के आम के बाग में मिला। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव की तलाशी ली, लेकिन मृतक की जेब से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। आसपास के ग्रामीणों से पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
शव को कब्जे में लिया
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।