WhatsApp Account Blocked: मेटा के मुख्य मैसेजिंग ऐप वॉट्सऐप ने कई भारतीय यूजर्स के अकाउंट्स को अचानक से ब्लॉक कर दिया है। यूजर्स का कहना है कि कंपनी ने बिना किसी चेतावनी के उनके अकाउंट्स का एक्सेस रोक दिया है। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसके स्क्रीनशॉट शेयर कर अपनी नाराजगी जताई है। जिनमें लिखा है कि उनका अकाउंट अभी रिव्यू किया जा रहा है। यूजर्स के वॉट्सऐप अकाउंट का एक्सेस 24 घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया है।
सोमवार शाम से अकाउंट हुए ब्लॉक
रिपोर्ट के अनुसार सोमवार शाम करीब 8 बजे के बाद से कई यूजर्स के अकाउंट का एक्सेस ब्लॉक कर दिया गया। यूजर्स जब वॉट्सऐप खोल रहे हैं, तो उन्हें एक मैसेज दिख रहा है। जिसमें लिखा आ रहा था कि आपका अकाउंट रिव्यू किया जा रहा है। मेटा ने इसे लेकर पहले से यूजर्स को कोई वॉर्निंग नहीं दी थी।
अकाउंट की जांच जारी
कंपनी ने अपने मैसेज में साफ किया है कि यूजर के अकाउंट की एक्टिविटी और डिवाइस की जानकारी की जांच की जा रही है। यह देखा जा रहा है कि अकाउंट से नियमों का पालन हो रहा है या नहीं। जांच पूरी होने के बाद 24 घंटे के अंदर यूजर को इसका जवाब दे दिया जाएगा। बता दें, केवल भारत ही नहीं, बल्कि कई अन्य देशों के यूजर्स के अकाउंट भी ब्लॉक कर दिए गए हैं। इसे लेकर यूजर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शिकायत की है।
मेटा ने क्या दी सफाई
इस पूरे मामले पर जवाब देते हुए मेटा ने कहा कि यह एक रेगुलर प्रक्रिया है। कंपनी उन सभी अकाउंट्स पर एक्शन लेती है, जो उनकी सेवाओं का गलता इस्तेमाल करते हैं। जिससे बाकी यूजर्स सुरक्षित रह सकें। कंपनी खास तौर पर उन यूजर्स के अकाउंट ब्लॉक करती है, जिन्हें लेकर रिपोर्ट किया जाता है। हालांकि कंपनी का कहना है कि कभी-कभी गलती से कुछ सही अकाउंट्स भी ब्लॉक हो जाते हैं, जिन्हें जांच के बाद जल्द से जल्द दोबारा शुरू कर दिया जाता है।
भूलकर भी न करें ये गलतियां
वॉट्सऐप पर किसी भी अकाउंट पर एक्शन तब लिया जाता है, जब वॉट्सऐप की पॉलिसी या सेवा की शर्तों का उल्लंघन किया जाता है। उदाहरण के तौर पर स्पैम मैसेज भेजने वालों पर एक्शन लिया जाता है। जब एक साथ बहुत सारे लोगों को अनचाहे मैसेज या फर्जी खबरें या अफवाहों को फैलाएं जाने वाले अकाउंट पर कार्रवाई की जाती है। साथ ही अगर कई यूजर्स आपके अकाउंट को ब्लॉक या रिपोर्ट करते हैं, तो सिस्टम खुद ही आपका एक्सेस रोक देता है।