
ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज़ का पहला मुकाबला केर्न्स में खेला गया. इस मैच में साउथ अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज़ एडन मार्करम ने एक बार फिर अपने बल्ले से ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों की जमकर खबर ली. मार्करम ने 81 गेंदों में 82 रनों की धमाकेदार पारी खेली और टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. मार्करम का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खास रिकॉर्ड रहा है. हाल ही में खेले गए वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025 के फाइनल में भी उन्होंने दूसरी पारी में 136 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. उस समय उन्होंने 14 चौकों की मदद से ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज़ों को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया था. अब वनडे में भी उन्होंने साबित कर दिया कि कंगारुओं के लिए वह सबसे बड़ा खतरा हैं.
ये भी पढ़ें : मिचेल स्टार्क की पत्नी का जलवा! 23 चौके-3 छक्के, अकेले दम पर भारत को हराया
टीम के लिए बने मजबूत ढाल
केर्न्स वनडे में मार्करम ने रियान रिकेल्टन के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 92 रन जोड़ते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दी. हालांकि वह अपने शतक से सिर्फ 18 रन दूर रह गए और बेन ड्वारश्यिस की गेंद पर विकेटकीपर जोश इंग्लिस के हाथों कैच आउट हो गए. अगर यह उनका चौथा शतक होता तो वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लेते.
कप्तान की रणनीति नहीं बैठी फिट
मैच में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया, लेकिन यह रणनीति सफल नहीं हो सकी. साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेज़बान टीम पर दबाव बनाए रखा. 30 साल के एडन मार्करम 2017 से साउथ अफ्रीका के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं और समय के साथ टीम के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज़ के रूप में उभर चुके हैं.
प्लेइंग इलेवन पर एक नजर
इस मुकाबले की प्लेइंग XI की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल मार्श, ट्रेविस हेड, मार्नस लाबुशेन और जोश हेजलवुड जैसे खिलाड़ी मैदान में उतरे, जबकि साउथ अफ्रीका की टीम में कप्तान टेम्बा बावुमा, रियान रिकेल्टन, लुंगी एनगिडी और केशव महाराज शामिल रहे. कुल मिलाकर चाहे टेस्ट हो या वनडे एडन मार्करम का बल्ला जब भी ऑस्ट्रेलिया के सामने बोलता है, कंगारुओं की मुश्किलें कई गुना बढ़ जाती हैं.