इन दिनों शादियों का सीजन चल रहा है, लेकिन इस बीच प्रयागराज में हुई एक शादी चर्चा में है, जहां मऊआइमा इलाके में एक अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवती की शादी पूरे रीति-रिवाज और धूमधाम के साथ सम्पन्न हुई, लेकिन विदाई से पहले शादी टूट गई. दरअसल विदाई के समय दुल्हन के तोतले होने का सच सामने है, इसके बाद दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया. पंचायत के सामने आपसी सहमति से दोनों परिवार ने शादी को रद्द कर दिया और अपना-अपना सामान वापस ले लिया.
घर में जश्न का माहौल
बता दें की घटना प्रयागराज की झांझर मऊ की है. मऊआइमा के एक गांव में रहने वाली लड़की की शादी कौशांबी जिले में रहने वाले युवक के साथ तय हुई थी. इस शादी को लेकर दोनों ही परिवार बहुत खुश थे. धूमधाम के साथ दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के द्वारा पहुंचा. जहां दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे पक्ष का अच्छे से स्वागत सत्कार किया. इसके बाद पूरी रीती रिवाज के साथ जय माल और फेरे हुए.
दुल्हन के रोने पर खुला राज
विवाह तो संपन्न हो गया लेकिन जब दुल्हन ने विदाई के समय दहाड़े मारकर रोना शुरू किया, तो दूल्हे के होश उड़ गए. उसकी तोतली आवाज को सुनकर दूल्हा और उसके परिवार के लोग विदक गए, फौरन से अगुवा को बुलाया और कहा कि उनके साथ धोखा हुआ है. वो शादी नहीं मानते. इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पंचायत तक पहुंच गया.
आपसी सहमति से टूटा रिश्ता
पंचायत के सामने दोनों पक्ष में बैठकर आपसी सहमति से इस मुद्दे पर विचार किया. पंचायत में दोनों पक्षों के बीच लंबी बातचीत हुई और आखिर में फैसला हुआ कि इस शादी के बाद भी दुल्हन ससुराल में सुख नहीं कर पाएगी. उसका तोतलपन उसके वैवाहिक जीवन में हमेशा बाधा बनेगा. ऐसे में इस शादी को यहीं पर खत्म कर दिया जाए. फिर दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से एक दूसरे का सामान वापस किया और बिना दुल्हन के ही बारात विदा हो गई.