.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D466207c3-7fbe-4dda-8dd0-d9aee076cbc8&w=3840&q=75)
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव आलमपुर निवासी एक विवाहिता महिला के साथ ससुरालियों ने मारपीट कर दी। पीड़िता का कसूर सिर्फ इतना था कि वह ससुरालियों द्वारा दहेज में मांगे जा रहे पांच लाख रुपये और कार की मांग पूरी नहीं कर पा रही थी। आरोपियों ने चार माह की गर्भवती होने के बाद भी पीड़िता को इस कदर पीटा कि उसके गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई। इस मामले में पीड़िता ने एसपी के आदेश पर आरोपी ससुरालियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव आलमपुर निवासी कविता ने बताया कि 27 जनवरी 2022 को उसकी शादी पिलखुवा के मोहल्ला अर्जुन नगर निवासी विशाल तोमर के साथ बहुत ही धूमधाम के साथ हुई थी। शादी में उसके पिता ने करीब 20 लाख रुपये खर्च किए थे। शादी के मिले दान-दहेज से उसके पति विशाल तोमर, सास सुनीता, ससुर बिजेंद्र सिंह तोमर, देवर रोहित तोमर, ननद प्रियंका, शिवानी, मेघा, देवर मोहित और लक्की, चचेरी सास रजनी इससे खुश नहीं थे। ससुराल पक्ष के लोग कार और पांच लाख रुपये लाने का दवाब बनाते थे। जब वह दहेज का विरोध करती थी तो उसके साथ मारपीट की जाती थी। छह महीने पहले भी आरोपियों ने इस बात को लेकर उसके साथ मारपीट की और उसे पहने हुए कपड़ों ही घर से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद ससुरालियों के खिलाफ पिलखुवा थाने में शिकायत की गई थी। जिसके बाद ससुरालियों ने उसे अपने साथ रखने का आश्वासन दिया और घर ले गए।
कुछ दिन सही रखने के बाद फिर से ससुरालियों ने दहेज की मांग को लेकर फिर से उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया। किसी प्रकार वह उत्पीड़न सहती रही और इस बीच वह चार माह की गर्भवती हो गई। ससुरालियां उसे जान से मारने की कोशिश और पति की दूसरी शादी करने की योजना बनाने लगे। बीती 18 अक्टूबर को सुसालियों ने उसके साथ मारपीट की और गर्भ में पल रहे शिशु को चोट पहुंचाने के उद्देश्य से उसके पेट में लात-घूसों बरसा दिए। इस वजह से उसकी जान को खतरा हो गया। इस बात की जानकारी पीड़िता ने अपने मायके पक्ष के लोगों को सूचना दी। ससुराल पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने उनके साथ भी अभद्रता की। जिसके बाद मायके पक्ष के लोगों ने उसे पास के अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसके पेट में पल रहे शिशु की मौत हो गई।
इस मामले में पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह को शिकायती पत्र दिया था। एसपी के आदेश पर पिलखुवा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।