जनपद के थाना मंसूरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत शुगर मिल के पीछे गोविंदपुरी कालोनी में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। परिजनों ने पति व ससुराल पक्ष के लोगों पर महिला की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगाया है, जिसके बाद घायल महिला की दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई। परिजनों ने शव को थाने पर रखकर हंगामा किया। पुलिस ने पति समेत पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
दहेज को लेकर मारपीट करते थे
खतौली थाना क्षेत्र के गांव रुकनपुर खेडी निवासी धर्मसिंह ने अपनी बेटी रीना की शादी तीन साल पूर्व मन्सूरपुर थाना क्षेत्र की गोविंदपुरी कालोनी निवासी करण के साथ की थी।आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर रीना के साथ मारपीट करते थे।परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले भी रीना के साथ बुरी तरह मारपीट की गई,जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।घायल अवस्था में उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेरठ रैफर कर दिया गया और वहां से दिल्ली भेज दिया गया था।
शव रखकर जमकर हंगामा किया
उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। गुरुवार देर रात रीना की मौत की सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग मंसूरपुर पहुंचे और शव को थाने ले आए। इस दौरान परिजनों ने थाने में शव रखकर जमकर हंगामा किया।काफी देर तक थाने में गहमा-गहमी का माहौल बना रहा।बाद में पुलिस के समझाने-बुझाने पर परिजन शांत हुए। शुक्रवार को महिला के पिता धर्म सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पति करण, ससुर सतपाल, सास प्रेमो, ननद करिश्मा उर्फ डोली और जेठ अर्जुन उर्फ बंटी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।