हापुड़। कोतवाली हापुड़ नगर क्षेत्र के ग्राम बदनौली की मढैया में एक महिला की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। मृतका के परिजन ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मुरादाबाद जनपद के ठाकुरद्वारा के मानवाला निवासी शिवानी की शादी यहां ग्राम बदनौली की मढैया निवासी राजन के साथ करीब तीन साल पहले हुई थी। राजन बैंड बाजे में काम करता है। बताया गया कि सोमवार को शिवानी की मौत हो गई। शिवानी की मौत होने पर परिजन में कोहराम मच गया।शिवानी की मौत की सूचना मिलने पर उसके परिजन यहां पहुंचे। मृतका के भाई करण ने इसकी सूचना पुलिस को देते हुए दहेज हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस ने बताया कि मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों का कहना था कि वह काफी दिनों से बीमार चल रही थी और मेरठ मेडिकल में उसका उपचार चल रहा था। जबकि मृतक के परिजन ने दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण पता चल सकेगा।मामले की जांच की जा रही है।