Bulandshahr News: खुर्जा देहात क्षेत्र के गांव यूसुफपुर मलगौसा की रहने वाली विवाहिता हसीन की महाराष्ट्र में उसके पति ने कथित रूप से हत्या कर दी। आरोप है कि पति सलमान ने पहले लोहे की रॉड से हमला कर पत्नी को गंभीर रूप से घायल किया और बाद में गला घोंटकर उसकी जान ले ली। वारदात के समय दंपती के तीन मासूम बच्चे भी मौके पर मौजूद थे, जिन्होंने पूरी घटना देखी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
बताया गया कि हत्या के बाद आरोपी पत्नी के शव को कार में रखकर कई घंटों तक इधर-उधर घूमता रहा। इसके बाद वह स्वयं शव लेकर स्थानीय थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
6 वर्ष पहले हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार हसीन की शादी करीब छह वर्ष पहले मुस्लिम रीति-रिवाज से सलमान के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद रहता था। आरोप है कि सलमान पहले भी कई बार हसीन पर जानलेवा हमले कर चुका था, लेकिन हर बार मामला किसी तरह शांत हो गया। इस बार विवाद ने हत्या का रूप ले लिया।
गांव में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही बुलंदशहर स्थित मृतका के पैतृक गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका की मां सलमा ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए केंद्र सरकार से उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की अपील की है। वहीं मृतका की मौसी सितारा ने भी आरोपी को कठोर दंड देने की मांग की। महाराष्ट्र पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।