Massive Fire in Lucknow: लखनऊ के विकासनगर इलाके में लगी भीषण आग ने सैकड़ों परिवारों को बेघर कर दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और 250 से अधिक झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। लोगों की पूरी गृहस्थी, जरूरी सामान और सालों की जमा पूंजी पल भर में राख हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी और दहशत का माहौल फैल गया।
चिंगारी से भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की शुरुआत सेक्टर-11 के पास एक शराब के ठेके के आसपास हुई। शाम के समय उठी चिंगारी ने तेजी से फैलते हुए आसपास की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग सेक्टर-11 से सेक्टर-14 तक फैल गई और लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
बढ़ाई तबाही
झोपड़ियों में रखे गैस सिलिंडर आग की चपेट में आते ही एक के बाद एक फटने लगे। तेज धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा। स्थानीय लोगों ने कुछ सिलिंडरों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक कई सिलिंडर फट चुके थे। इन धमाकों ने आग को और भयानक बना दिया।
यह भी देखेंःAmir Hamza attacked in Lahore: लाहौर में हाफिज सईद के करीबी अमीर हमजा पर हमला, गोली लगने से हालत नाजुक
घंटों की मशक्कत के बाद काबू
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 20 फायर टेंडरों ने लगातार कई घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक सैकड़ों परिवारों का सब कुछ जल चुका था और वे खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए।
प्रशासन की कार्रवाई
घटना के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया। लापता लोगों की तलाश जारी है और घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है। प्रशासन ने पीड़ितों के लिए शेल्टर होम और खाने-पीने की व्यवस्था की है। साथ ही, सरकार की ओर से अधिकारियों को हर संभव मदद पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।