UP Home Guard Bharti 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य का होमगार्ड विभाग जल्द ही 7,600 से ज्यादा पदों पर बंपर भर्ती करने जा रहा है। होमगार्ड मुख्यालय ने भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आधिकारिक प्रस्ताव राज्य सरकार को भेज दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंजूरी मिलते ही इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। बता दें कि विभाग में लंबे समय से खाली पड़े पदों के भरने और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए यह फैसला लिया गया है।
महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे पद
इस बार हमोगार्ड भर्ती में महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। कुल 7600 पदों में से एक बड़ा हिस्सा महिला अभ्यर्थियों के लिए आरक्षित होगा, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ सके। इसके साथ ही पुरूष अभ्यर्थियों के लिए भी बड़ी संख्या में पद निकाले जाएंगे।
योग्यता और आयु सीमा
होमगार्ड भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना अनिवार्य है। वहीं, कुछ विशेष पदों के लिए 12वीं पास की मांग भी की जा सकती है। आयु सीमा की बात करें, तो न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 45 वर्ष रहने की संभावना है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमानुसार आयु में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया
इस भर्ती में उम्मीदवारों का चयन लिखित परीक्षा, फिजिकल टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल के आधार पर किया जाएगा। लिखित परीक्षा में सामान्य ज्ञान, हिंदी, गणित और यूपी जीके पर आधारित बहुविकल्पीय (MCQs) प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें सफल उम्मीदवारों को फिजिकल के लिए बुलाया जाएगा। शारीरिक मानक (लंबाई, सीना) और दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें: Haryana Recruitment: हरियाणा में फूड सेफ्टी ऑफिसर के पदों पर भर्ती, इस दिन से शुरू होंगे आवेदन
कब तक शुरू होंगे आवेदन
संभावना जताई जा रही है कि आने वाले 1 से 2 महीने में भर्ती का विस्तृत नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। नोटिफिकेशन आते ही उत्तर प्रदेश होमगार्ड विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन शुरू हो जाएंगे।