Students Protest In Pune: महाराष्ट्र में सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं का ग़ुस्सा अब सड़कों पर फूट पड़ा है। भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटालों और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर आज पुणे में महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में हज़ारों प्रतियोगी छात्र शामिल हैं।
घोटालों ने अभ्यर्थियों के बीच असंतोष पैदा किया
अभ्यर्थी सड़कों पर मार्च निकालकर भर्ती प्रक्रिया में जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों अभ्यर्थियों का मुख्य आरोप है कि सरकारी भर्ती परीक्षाओं की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और घोटालों ने अभ्यर्थियों के बीच असंतोष पैदा किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी भी तरह की गड़बड़ी का सीधा असर हज़ारों उम्मीदवारों के भविष्य पर पड़ता है।
छात्रों की मांग
छात्रों की मांग है कि परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई तय की जाएं। इसके अलावा भर्ती प्रक्रिया के हर चरण, रिज़ल्ट और आयोग के फ़ैसलों की सही और सटीक जानकारी छात्रों को दी जाएं। साथ ही प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी एमपीएससी की जवाबदेही को लेकर भी आवाज़ उठाएंगे। आंदोलनकारियों की ओर से आयोग के अध्यक्ष के इस्तीफ़े की मांग किए जाने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें: NEET प्रदर्शन से स्टार बनीं रिया, रियलिटी शो में विवादों ने घेरा
प्रदर्शनकारियों ने क्या कहा
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि युवा सालों-साल दिन-रात मेहनत करके सरकारी नौकरियों की तैयारी करते हैं। लेकिन इसके बदले उन्हें केवल पेपर लीक, घोटाले और अनिश्चितता ही मिलती है। परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी सीधे तौर पर हज़ारों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल देती है। इस प्रदर्शन में महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के शामिल होने की संभावना है।