Matka King Season 2: प्राइम वीडियो की सुपरहिट क्राइम ड्रामा सीरीज 'मटका किंग' (Matka King) के फैंस के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। पहले सीजन की जबरदस्त सफलता के बाद मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर इसके सीजन 2 का ऐलान कर दिया है। मेकर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए यह खुशखबरी साझा की। बता दें, 1960 के दशक के तेजी से बदलते बॉम्बे की पृष्ठभूमि पर आधारित इस हाई-स्टेक्स ड्रामा ने अपनी दमदार कहानी के जरिए दर्शकों से गहरा जुड़ाव बनाया।
दूसरे सीजन का आधिकारिक ऐलान
मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट के जरिए बताया कि 'मटका किंग' का दूसरा सीजन अब पाइपलाइन में है और जल्द ही दर्शकों के सामने होगा। पहले सीजन को मिली शानदार सफलता के बाद प्रोडक्शन टीम ने कहानी को और अधिक विस्तार देने का निर्णय लिया है। फिलहाल प्राइम वीडियो ने सीजन 2 के डेवलपमेंट में होने की पुष्टि की है। शूटिंग और रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा जल्द ही की जा सकती है।
दर्शकों को पसंद आया पहला सीजन
आपको बता दें कि 'मटका किंग' की कहानी 1960 के दशक के तेजी से बदलते बॉम्बे में चलने वाले हाई-स्टेक्स ड्रामा पर बेस्ड थी, जिसने अपनी दमदार कहानी के जरिए दर्शकों का दिल जीता। कहानी की पृष्ठभूमि महत्वाकांक्षा, असीमित शक्ति और गैरकानूनी सट्टेबाजी के इर्द-गिर्द बुनी गई है। 'मटका किंग' एक साधारण व्यक्ति के उस सफर को दिखाती है जो अपनी पहचान बनाने और सत्ता हासिल करने की चाह में अपराध के दलदल में धंसता चला जाता है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे एक कपास व्यापारी अपनी सूझबूझ और चालाकी से 'मटका' जुए के एक छोटे से कारोबार को एक विशाल अंडरवर्ल्ड साम्राज्य में तब्दील कर देता है।
यह भी पढ़ें: Raja Shivaji Box Office: 'राजा शिवाजी' का बॉक्स ऑफिस पर जलवा जारी, 7वें दिन कमाए इतने करोड़
सीजन 1 की कास्ट
आपको बता दें कि 'मटका किंग' सीजन 1 को अभय कोराने ने क्रिएट और लिखा है, जबकि नागराज पोपटराव मंजुले ने इसे क्रिएट, लिखा और डायरेक्ट किया है। इस 8 एपिसोड की सीरीज में विजय वर्मा लीड रोल में नजर आए। इसके अलावा उनके साथ कृतिका कामरा, सई ताम्हणकर, सिद्धार्थ जाधव, भूपेंद्र जदावत और गुलशन ग्रोवर मुख्य भूमिकाओं में दिखे।
कब आया था पहला सीजन
इसका पहला सीजन 17 अप्रैल को लॉन्च हुआ था। 'मटका किंग' सीजन 1 प्राइम वीडियो पर भारत समेत दुनिया भर के 240 देशों और क्षेत्रों में एक्सक्लूसिव रूप से स्ट्रीम हो रही है। इसका नाम 37 देशों में टॉप 10 ट्रेंड में रहा। इतना ही नहीं, लगभग 17 देशों में यह पहले नंबर पर रही। इसी सफलता को देखते हुए मेकर्स अब इसका दूसरा सीजन जल्द रिलीज करने जा रहे हैं।