उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. यहां एक मौलाना सलमान शेख पर अपने दोस्त की पत्नी, साली और पांच साल की बेटी को धर्मांतरण के बाद बहलाकर भगाने का गंभीर आरोप लगा है. मामला लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने मौलाना के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश में टीमें गठित कर दी हैं.
दोस्त बनकर घर में घुसा मौलाना
पीड़ित ने बताया कि वह मड़ियांव इलाके में परिवार के साथ रहता है और एक निजी कंपनी में नौकरी करता है. कुछ महीने पहले उसकी मुलाकात सीतापुर के सिधौली निवासी मौलाना सलमान शेख से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती बढ़ी और सलमान का उनके घर आना-जाना भी नियमित हो गया. शुरू में सब सामान्य था, लेकिन वक्त बीतने के साथ सलमान घर में घंटों रुकने लगा, खासकर उस समय जब पीड़ित काम पर होता था.
पत्नी और साली को पढ़ाया कलमा
आरोप है कि सलमान ने पीड़ित की पत्नी और साली को इस्लामिक शिक्षा देना शुरू कर दिया. कुछ समय में उन्होंने पूजा-पाठ बंद कर दिया और इस्लामिक विचारधारा की बातें करने लगीं. कलमा पढ़वाने के बाद उनका व्यवहार पूरी तरह से बदल गया. पीड़ित जब इसका विरोध करता, तो पत्नी और साली उससे झगड़ने लगती थीं.
धर्मांतरण के लिए पैसों का लालच?
पीड़ित ने शक जताया है कि मौलाना सलमान ने उसकी पत्नी को धर्मांतरण करने पर मोटी रकम मिलने की बात कही थी. हालांकि बाद में पत्नी ने इस बात से इनकार कर दिया. पीड़ित का कहना है कि उसने सलमान को घर आने से मना किया, लेकिन उसकी साली सलमान को अपना दोस्त बता कर मामले को टालती रही.
एक हफ्ते से लापता है पूरा परिवार
यह वारदात करीब एक हफ्ते पहले की है जब पीड़ित काम से घर लौटा तो उसकी पत्नी, साली और मासूम बेटी घर से गायब थीं. अलमारी खुली थी, सामान बिखरा पड़ा था और घर से नकदी और जेवरात भी गायब थे. पीड़ित ने जब पत्नी, साली और सलमान को फोन किया, तो सभी के नंबर बंद थे. मोहल्ले के लोगों ने बताया कि उन्होंने सलमान को तीनों के साथ जाते हुए देखा था.
एफआईआर दर्ज, पुलिस की दो टीमें जांच में लगीं
पीड़ित ने मड़ियांव थाने में तहरीर देकर सलमान शेख के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई. मड़ियांव थाने के इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि मौलाना के खिलाफ अपहरण, धोखाधड़ी और जबरन धर्मांतरण जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने दो टीमें बनाई हैं, जिनमें सर्विलांस सेल भी शामिल है.
छांगुर बाबा से मामला जुड़ा होने की भी आशंका
पुलिस को शक है कि मौलाना सलमान का धर्मांतरण गैंग के मास्टरमाइंड छांगुर बाबा उर्फ जमालुद्दीन से कोई कनेक्शन हो सकता है. इसी आधार पर पुलिस इस केस को और गहराई से खंगाल रही है. यह मामला न सिर्फ धर्मांतरण की साजिश को उजागर करता है, बल्कि परिवार की आस्था और सुरक्षा पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है. अब देखना है कि पुलिस की जांच किस दिशा में जाती है और गायब महिलाओं और बच्ची का क्या पता चलता है.