Mawa Gujiya Recipe : तीज का त्योहार आते ही घरों में तरह-तरह के पकवान बनने लगते हैं. इस खास मौके पर अगर आप परिवार के लिए कुछ पारंपरिक और स्वादिष्ट बनाना चाहती हैं, तो मावा वाली गुजिया एक बेहतरीन विकल्प है। बाहर से कुरकुरी और अंदर से मुलायम मावे की भरावन वाली गुजिया त्योहार की मिठास को और बढ़ा देती है. इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है.
गुजिया के लिए जरूरी सामग्री
गुजिया बनाने के लिए मैदा, घी और पानी की जरूरत होगी. भरावन के लिए मावा, बूरा या पिसी चीनी, बारीक कटे बादाम-काजू, किशमिश और इलायची पाउडर ले सकते हैं। चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए थोड़ी नारियल की बुरादे का भी इस्तेमाल किया जा सकता है.
ऐसे तैयार करें मावे की भरावन
सबसे पहले कड़ाही में मावा डालकर धीमी आंच पर हल्का भून लें. मावा का रंग बदलने की जरूरत नहीं है, बस उसकी नमी कम हो जाए तो गैस बंद कर दें. ठंडा होने के बाद इसमें बूरा, इलायची और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिला दें. भरावन को अच्छी तरह मिलाकर अलग रख दें.
गुजिया की बाहरी परत बनाएं
एक बर्तन में मैदा लेकर उसमें थोड़ा घी डालें और हाथों से अच्छी तरह मिलाएं. अब पानी की मदद से सख्त आटा गूंथ लें. आटे को कुछ देर ढककर रखने के बाद छोटी-छोटी लोइयां बनाएं। हर लोई को पतला बेलकर उसमें मावे की भरावन रखें और किनारों को पानी की मदद से बंद कर दें.
धीमी आंच पर तलें
कड़ाही में घी या तेल गर्म करें और गुजिया को धीमी से मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें. तेज आंच पर तलने से बाहरी हिस्सा जल्दी रंग पकड़ सकता है, जबकि अंदर की परत अच्छी तरह नहीं पकती. तैयार गुजिया को पेपर पर निकालकर अतिरिक्त तेल सोखने दें.
तीज पर परोसें खास मिठाई
गरमा-गरम या ठंडी मावा गुजिया को परिवार और मेहमानों के साथ परोसें. ऊपर से थोड़े कटे मेवे डालकर इसका स्वाद और खूबसूरत बनाया जा सकता है। तीज के मौके पर घर की बनी यह पारंपरिक मिठाई हर किसी को जरूर पसंद आएगी.