Mayawati Sccuses the Opposition: बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी संगठन को सतर्क और मजबूत करने का संदेश दिया है। उन्होंने विपक्षी दलों पर बीएसपी को कमजोर करने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को अलर्ट किया। लखनऊ में आयोजित एक अहम बैठक में मायावती ने साफ कहा कि अब चुनाव में ज्यादा समय नहीं बचा है और संगठन को पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरना होगा।
चुनावी रणनीति पर मंथन
इस बैठक में प्रदेश, मंडल, जिला और विधानसभा स्तर के सभी पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। मायावती ने कहा कि राज्य स्तर पर यह बड़ी और जरूरी बैठक इसलिए बुलाई गई है ताकि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए स्पष्ट रणनीति बनाई जा सके। उन्होंने माना कि SIR प्रक्रिया के कारण पार्टी गतिविधियों में कुछ देरी हुई, लेकिन इसे जल्द पूरा कर संगठन को रफ्तार दी जाएगी।
साजिशों से सावधान रहने की अपील
मायावती ने कार्यकर्ताओं को आगाह करते हुए कहा कि विपक्षी दल बीएसपी को नुकसान पहुंचाने के लिए नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ स्वार्थी तत्व और संगठन भी पार्टी को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं, जिनसे सतर्क रहना जरूरी है। साथ ही उन्होंने संगठन में आवश्यक फेरबदल कर जमीनी स्तर पर मजबूती लाने की बात कही।
यह भी देखेंःIndia-US Trade Deal पर सरकार का पक्ष, पीयूष गोयल ने गिनाईं शर्तें और फायदे
सर्वसमाज के मुद्दों पर फोकस
बैठक में दलितों, आदिवासियों, पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों के साथ-साथ किसानों, मजदूरों, कर्मचारियों और व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा हुई। मायावती ने कहा कि मौजूदा सरकारों के दौरान आम जनता आज भी कई बुनियादी दिक्कतों से जूझ रही है। उन्होंने दावा किया कि बीएसपी ने हमेशा सर्वसमाज, खासकर ब्राह्मण समाज को सम्मान, सुरक्षा और न्याय दिया है।
SIR और संसद पर भी रखी राय
मायावती ने SIR प्रक्रिया को लेकर कहा कि सरकार को आम लोगों को वोटर बनने में सहानुभूतिपूर्वक सहयोग करना चाहिए। साथ ही उन्होंने संसद के मौजूदा सत्र में हो रहे हंगामे पर चिंता जताते हुए कहा कि लोकतंत्र में संवाद जरूरी है, ताकि जनता तथ्यों के आधार पर सही और गलत का फैसला कर सके।