UP News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने संगठन के कामकाज को तीन सेक्टर में बांटने का फैसला किया है। मायावती की ओर से सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, सेक्टर-1 में 10 राज्यों की जिम्मेदारी रामजी गौतम और सुरेश राव को दी गई है। सेक्टर-2 में नौ राज्यों का कामकाज राजाराम और अतरसिंह यादव संभालेंगे।
राज्यों में अपनी गतिविधियां बढ़ा रही
सेक्टर-3 में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को रखा गया है। इन दोनों राज्यों का काम सीधे मायावती और बसपा के लखनऊ स्थित केंद्रीय कार्यालय की निगरानी में रहेगा। संगठनात्मक स्तर पर यह व्यवस्था ऐसे समय की गई है, जब पार्टी अगले विधानसभा चुनावों को देखते हुए राज्यों में अपनी गतिविधियां बढ़ा रही है।
पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए
मायावती ने वर्षा और प्राकृतिक आपदा से प्रभावित राज्यों को लेकर भी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जनता की मदद करने और राहत कार्यों में सहयोग करने को कहा है। इसके लिए ईशान आनंद को प्रभावित राज्यों में भेजने की बात कही गई है। हाल ही में ईशान आनंद को बसपा का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है।