लखनऊ, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सामने आ रहे सर्वेक्षणों पर सवाल उठाते हुए उन्हें फेक और प्रायोजित बताया है। शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवादी मीडिया और सोशल मीडिया के जरिये धनबल का दुरुपयोग कर पार्टी के खिलाफ भ्रामक माहौल बनाया जा रहा है.
मायावती ने कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए बसपा दमदार उम्मीदवारों के चयन और जमीनी तैयारियों में जुटी है। इसके बावजूद पार्टी को कमतर आंकने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया.
बसपा प्रमुख ने वर्ष 2007 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय भी आकलनों में पार्टी को कमजोर करके दिखाया गया था। तमाम अनुमानों को गलत साबित करते हुए बसपा ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। उन्होंने उस कार्यकाल में कानून के राज और ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति को पार्टी की उपलब्धि के रूप में पेश किया.
मायावती ने सपा और भाजपा के शासन से त्रस्त होने का दावा करते हुए सर्वसमाज, खासकर बहुजन समाज के लोगों से विरोधी दलों तथा जातिवादी तत्वों के कथित दुष्प्रचार से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि बसपा की सरकार बनने में ही सभी वर्गों का हित सुरक्षित है.