Mayur Vihar Barapullah Corridor : दिल्ली के लोगों को लंबे इंतजार के बाद बड़ी राहत मिली है। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर फेज-3 का उद्घाटन किया। इस परियोजना के शुरू होने के बाद मयूर विहार, नोएडा और पूर्वी दिल्ली से दक्षिण दिल्ली जाने वाले लाखों लोगों को फायदा मिलेगा। नया कॉरिडोर मयूर विहार को सराय काले खां के रास्ते AIIMS और दक्षिण दिल्ली से जोड़ता है। अधिकारियों का दावा है कि अब कई ट्रैफिक सिग्नलों से छुटकारा मिलेगा और यात्रा का समय 35 से 40 मिनट से घटकर करीब 15 मिनट रह सकता है।
सिग्नल फ्री सफर से मिलेगा बड़ा फायदा
बारापुला फेज-3 की मुख्य एलिवेटेड स्ट्रेच करीब 3.5 किलोमीटर लंबी है, जबकि पूरे वायाडक्ट और रैंप नेटवर्क की लंबाई लगभग 4.9 किलोमीटर बताई गई है। यह कॉरिडोर NH-24, DND फ्लाईवे और रिंग रोड पर ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद करेगा। सराय काले खां स्थित रेलवे स्टेशन, ISBT और मेट्रो नेटवर्क तक पहुंच भी पहले से आसान हो जाएगी। परियोजना में दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही के लिए लूप और रैंप बनाए गए हैं, जिससे ट्रैफिक का प्रवाह सुचारू रहने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें : 1 अक्टूबर से Delhi में सख्ती, इस दस्तावेज के बिना पकड़े गए तो कटेगा 10 हजार का चालान
2014 में मिली मंजूरी, 2026 में हुआ उद्घाटन
इस परियोजना को दिसंबर 2014 में मंजूरी मिली थी और 2015 में निर्माण कार्य शुरू हुआ था। शुरुआत में इसे लगभग ढाई साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन जमीन अधिग्रहण, पर्यावरणीय मंजूरियां, पेड़ों की कटाई की अनुमति, यमुना के जलस्तर और तकनीकी अड़चनों के चलते काम लगातार टलता गया। परियोजना की लागत भी बढ़कर 1,260 करोड़ रुपये से 1,635 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गई। करीब 11 साल बाद यह परियोजना आखिरकार जनता के लिए खोल दी गई है।
जाम और प्रदूषण दोनों पर असर की उम्मीद
अधिकारियों के अनुसार सिग्नल फ्री यातायात से रोजाना लगभग 2 टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम हो सकता है। परियोजना में साइकिल ट्रैक और पैदल यात्रियों के लिए फुटपाथ जैसी सुविधाएं भी शामिल की गई हैं। दिल्ली के PWD मंत्री प्रवेश वर्मा ने इसे राजधानी के लोगों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कॉरिडोर पूर्वी और दक्षिणी दिल्ली के बीच एक लाइफलाइन साबित होगा, जिससे लंबे ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और सफर पहले के मुकाबले काफी तेज और आसान हो जाएगा।