McDonalds India Viral : सोशल मीडिया पर इन दिनों McDonald's India से जुड़ा एक मामला तेजी से चर्चा में है। दावा किया जा रहा है कि कंपनी के एक इंटर्न ने अपनी बकाया सैलरी न मिलने से नाराज होकर कंपनी के आधिकारिक अकाउंट और वेबसाइट तक पहुंच हासिल कर कई पोस्ट कर दिए। इन पोस्ट में उसने अपने वरिष्ठ अधिकारी पर वेतन न देने का आरोप लगाया और अपनी परेशानी सार्वजनिक कर दी। मामला सामने आते ही इंटरनेट पर इसकी खूब चर्चा शुरू हो गई।
बॉस पर लगाए गंभीर आरोप
वायरल पोस्ट में कथित इंटर्न ने दावा किया कि वह McDonald's India के साथ एशिया क्षेत्र के कई सोशल मीडिया अकाउंट संभालता है, लेकिन उसे कई महीनों से वेतन नहीं मिला। उसने अपने वरिष्ठ अधिकारी अमित जोशी का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि भुगतान न होने के कारण उसे अतिरिक्त नौकरियां करनी पड़ रही हैं। पोस्ट में उसने अपनी आर्थिक परेशानियों का भी जिक्र किया और कहा कि वह लगातार वित्तीय दबाव का सामना कर रहा है।
You can’t mess with Gen Z. They don’t complain, they go public 💀 pic.twitter.com/95vWz3Y51j
— Gems Of Replies (@GemsOfReplies) September 6, 2026
एक के बाद एक किए कई पोस्ट
कथित इंटर्न ने कई पोस्ट साझा करते हुए अपनी स्थिति बताई। एक पोस्ट में उसने कहा कि वेतन न मिलने के कारण उसे सामुदायिक समर्थन लेने पर मजबूर होना पड़ रहा है। उसने दावा किया कि उसके करीब 60 हजार रुपये बकाया हैं और लंबे समय से भुगतान नहीं किया गया। इसके बाद एक और पोस्ट में उसने लिखा कि उसे अपना पैसा मिल गया है और उसने बकाया राशि का दावा कर लिया है।
ये भी पढ़ें : त्योहारों से पहले महंगा हुआ मुंह मीठा करना, चीनी से मिठाई तक बढ़े दाम
कंपनी ने किया दावों का खंडन
मामले के वायरल होने के बाद McDonald's India की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई। कंपनी ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर चल रही पोस्ट का उससे कोई संबंध नहीं है। कंपनी के अनुसार उसके ब्रांड नाम का गलत इस्तेमाल किया गया है और संबंधित सामग्री कभी भी उसके आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जारी नहीं की गई। कंपनी ने लोगों से अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करने और उसे आगे न फैलाने की अपील की।
फर्जी कंटेंट होने का दावा
कंपनी का कहना है कि वायरल तस्वीरों और पोस्ट में कई तकनीकी खामियां दिखाई देती हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि सामग्री मनगढ़ंत हो सकती है। कंपनी ने कहा कि उपलब्ध तस्वीरें और दावे आधिकारिक रिकॉर्ड से मेल नहीं खाते। इसी वजह से कंपनी ने पूरे मामले को भ्रामक बताते हुए इसे फर्जी करार दिया है।
क्या है पूरी स्थिति?
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। एक ओर कथित इंटर्न की कहानी को लेकर लोग चर्चा कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कंपनी इन सभी दावों को पूरी तरह गलत बता रही है। ऐसे में यह मामला अभी आरोप और सफाई तक सीमित है। आधिकारिक जांच या ठोस प्रमाण सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल पोस्ट के पीछे की वास्तविकता क्या है।