Greater Noida: यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में मेडिकल डिवाइस पार्क तेजी से आकार ले रहा है और निवेशकों के लिए नए अवसर खोल रहा है। यीडा सिटी के सेक्टर-28 में 350 एकड़ में विकसित किए जा रहे इस पार्क में प्राधिकरण ने 22 नए भूखंडों की योजना शुरू की है। आवेदन प्रक्रिया 12 जनवरी से ऑनलाइन शुरू होगी और 11 फरवरी तक चलेगी।
कंपनी ने उत्पादन किया शुरू
अब तक 101 भूखंड कंपनियों को आवंटित किए जा चुके हैं, जिनमें से एक कंपनी ने उत्पादन भी शुरू कर दिया है। बाकी कंपनियों को मौके पर कब्जा दिया जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार इस नई योजना में 1000, 2100 और 5940 वर्गमीटर के भूखंड शामिल हैं। इनमें सबसे अधिक 11 भूखंड 1000 वर्गमीटर के हैं, जबकि 2100 वर्गमीटर के नौ और 5940 वर्गमीटर के दो भूखंड उपलब्ध कराए जाएंगे।
उपकरणों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी
सरकार ने मेडिकल डिवाइस पार्क को निर्यात का केंद्र बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। बेहतर लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी के साथ यहां बनने वाले उपकरणों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की तैयारी है। इसके लिए एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल-मेडिकल डिवाइस (ईपीसी-एमडी) के लिए मोबाइल ऐप आधारित डिजिटल आईटी सेटअप भी विकसित किया जा रहा है।
घरेलू उत्पादन को गति देगा
मेडिकल उपकरण उद्योग को बढ़ावा देने के लिए यह पार्क न केवल घरेलू उत्पादन को गति देगा बल्कि भारत को मेडिकल डिवाइस निर्माण और निर्यात का वैश्विक हब बनाने की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगा।