
उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर में सुरक्षा व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए भरे बाजार में कुख्यात गैंगस्टर सलीम उर्फ दीवाना उर्फ मोगली की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई. यह सनसनीखेज वारदात शहर के सिविल लाइन बाजार में हुई, जहां भीड़भाड़ वाले इलाके में हमलावरों ने पहले सलीम का करीब तीन किलोमीटर तक पीछा किया और फिर पुलिस चौकी के पास गोली मारकर उसकी हत्या कर दी.
भरे बाजार कर दी गई हत्या
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को सलीम अपने किसी काम से बाजार गया था. उसी दौरान बाइक सवार हमलावरों ने उसका पीछा करना शुरू किया. तीन किलोमीटर तक लगातार पीछा करने के बाद जैसे ही सलीम सिविल लाइन बाजार की ओर पहुंचा, हमलावरों ने मौका देखकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं. गोलियों की आवाज से बाजार में भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. घटना के पास ही पुलिस चौकी थी, लेकिन इसके बावजूद हमलावर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर मौके से हथियार लहराते हुए फरार हो गए.
कई गिरोहों से चल रही थी दुश्मनी
गैंगस्टर सलीम मेरठ के आपराधिक जगत का जाना-पहचाना नाम था और उस पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे. पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसकी कई गिरोहों से दुश्मनी भी चल रही थी और हत्या की यह वारदात आपसी गैंगवार का हिस्सा मानी जा रही है. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि हत्या के पीछे कौन गिरोह जिम्मेदार है.
हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुराग जुटाने शुरू कर दिए हैं. पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है और हमलावरों की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं. वहीं, स्थानीय लोगों और व्यापारियों में घटना को लेकर जबरदस्त आक्रोश है. उन्होंने पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब पुलिस चौकी के सामने ही हत्या हो सकती है, तो आम आदमी कैसे सुरक्षित रहेगा.