मेरठ के कई स्कूलों को बुधवार सुबह एक खतरनाक ईमेल मिला, जिसमें बम विस्फोट की धमकी दी गई थी. यह ईमेल मेरठ के 10 स्कूलों को भेजा गया, जिनमें सत्यकाम इंटरनेशनल स्कूल, केएल इंटरनेशनल स्कूल और मेरठ पब्लिक स्कूल जैसे नाम शामिल हैं.
क्या कहा गया धमकी वाले ईमेल में?
ईमेल में अंग्रेजी में लिखा गया कि कुछ ही देर में स्कूलों में विस्फोट होगा. इसमें यह भी दावा किया गया कि स्कूल परिसर में कई जगह बम छिपाए गए हैं और स्कूल को खूनी मंजर में बदल दिया जाएगा. इस धमकी से स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और बच्चों में डर का माहौल बन गया.
क्या कदम उठाए गए?
जैसे ही स्कूलों को यह ईमेल मिला मेरठ स्कूल फेडरेशन के सचिव अनुज शर्मा ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी. सभी स्कूलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई और पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी.
स्कूल बंद, बच्चों को सुरक्षित घर भेजा गया
हालांकि कांवड़ यात्रा की वजह से ज्यादातर स्कूल पहले से ही बंद थे. फिर भी जहां छात्र मौजूद थे, वहां तुरंत छुट्टी घोषित कर बच्चों को सुरक्षित घर भेज दिया गया.
बम निरोधक दस्ते ने सभी स्कूलों की गहन तलाशी ली, लेकिन उन्हें कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला. इसके बाद प्रशासन ने सभी को राहत की सांस लेने को कहा.
फेडरेशन सचिव अनुज शर्मा ने कहा कि यह किसी शरारती व्यक्ति की हरकत लगती है. जांच के बाद कोई खतरा नहीं पाया गया, लेकिन फिर भी हम पूरी सतर्कता बरत रहे हैं.
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
यह पहली बार नहीं है जब ऐसे धमकी भरे ईमेल आए हैं. इससे पहले रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख जगहों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, लेकिन इन सभी मामलों में कोई वास्तविक विस्फोटक नहीं मिला.
ईमेल भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश
फिलहाल पुलिस और साइबर सेल मिलकर इस धमकी भरे ईमेल की जांच कर रहे हैं. यह जानने की कोशिश हो रही है कि ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं.