
मेरठ के थाना जानी क्षेत्र के सिवालखास गांव में रविवार को घर के बाहर खेल रहे तीन बच्चे अचानक लापता हो गए। परिजनों ने बच्चों की काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
गांव के पास मिला तीनों बच्चों का शव
सोमवार सुबह गांव के पास ही एक खाली प्लॉट में पानी से भरे गड्ढे में तीनों बच्चों के शव मिले। यह प्लॉट बिल्डर असलम का बताया जा रहा है, जो मुरादनगर का निवासी है।
हत्या की आशंका से गुस्साए ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम
बच्चों के शव मिलने के बाद परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने बच्चों की हत्या का आरोप लगाते हुए जानी हाईवे पर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस का दावा: हादसे में हुई बच्चों की मौत
पुलिस ने मामले की जांच के बाद बिल्डर असलम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि बिल्डर ने अपने प्लॉट में करीब 5 फीट गहरा गड्ढा खुदवाया था, जिसमें बारिश का पानी भर गया था। बच्चे खेलते हुए वहां पहुंचे और पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले खुलासा, संदेह बरकरार
पुलिस ने इस मामले को हादसा बताया है और कहा कि बच्चों की मौत में किसी प्रकार की साजिश के सबूत नहीं मिले। यह खुलासा मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन से पहले किया गया, लेकिन स्थानीय लोग इस थ्योरी को लेकर संतुष्ट नहीं हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।