मेरठ से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. जहां पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या का खौफनाक साजिश रच डाली. 8 साल पुराने रिश्ते को तोड़ने में आरोपी महिला का जरा भी हिचकिचाहट नहीं हुई. फिलहाल पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य शख्स को गिरफ्तार कर लिया है.
8 साल पहले हुई अनिल और काजल की शादी
बताया जा रहा है कि रोहटा थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के 32 साल के अनिल की शादी आठ साल पहले काजल नाम की महिला से हुई थी. इस दंपति के तीन छोटे-छोटे बच्चे भी हैं. इस वारदात की शुरुआत 26 अक्टूबर को हुई, जब अनिल अचानक लापता हो गया. जिसके बाद उसके भाई ने रोहटा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की खोजबीन शुरू की. कई दिनों तक अनिल का कोई सुराग नहीं मिला. परिवार परेशान था, लेकिन किसी को भी इस बात का अंदेशा तक नहीं था कि उनके ही घर के भीतर साजिश रची गई थी.
5 नवंबर को अनिल के भाई ने पुलिस को दी दूसरी तहरीर
वहीं 5 नवंबर को अनिल के भाई ने दोबारा थाने जाकर एक तहरीर दी, जिसमें उसने स्पष्ट रूप से आरोप लगाया कि अनिल की पत्नी काजल, उसके प्रेमी आकाश और आकाश के दोस्त बादल ने अनिल का अपहरण कर लिया है और उसकी हत्या की साजिश रची है. इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी.
चोरी-छिपे मिलते थे काजल और आकाश
पुलिस की जांच में सामने आया कि शादी के कुछ सालों बाद से ही काजल और गांव में रहने वाले आकाश के बीच नजदीकियां बढ़ने लगी थीं. दोनों के अफेयर के बारे में गांव वालों को भी भनक लग गई. इस पर गांव में पंचायत भी हुई थी, लेकिन काजल के ससुराल वालों ने समाज में बदनामी के डर से मामला दबा दिया. पंचायत के बाद भी काजल और आकाश चोरी-छिपे मिलते रहे.
काजल ने रची हत्या की पूरी साजिश
पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर पूछताछ शुरू कर दी. जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि काजल ने ही हत्या की पूरी साजिश रची थी. उसे उसके प्रेमी आकाश ने नशे की गोलियां लाकर दीं थीं. काजल ने पति अनिल को गोलियां खिला दीं. अनिल के बेहोश हो जाने पर काजल और आकाश ने अपने तीसरे साथी बादल की मदद से अनिल को बाइक पर बैठाया और सिवाल खास गंग नहर पुल के पास ले गए.
नहर के पास पहुंचकर काजल ने दुपट्टे से पति का गला घोंटने की कोशिश की, लेकिन अनिल की मौत तुरंत नहीं हुई. इसके बाद तीनों ने अधमरे अनिल को पुल से नीचे गंग नहर में फेंक दिया और घटना में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा पास की झाड़ियों में छुपा दिया. फिर तीनों वहां से भाग निकले.
तीनों ने पुलिस हिरासत में कबूल किया जुर्म
पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों से दुपट्टा बरामद किया, जो हत्या के समय इस्तेमाल हुआ था. इसके अलावा काजल के घर से वह गोलियों का पत्ता भी मिला है. जांच में ये भी सामने आया कि यह सारा षड्यंत्र काजल और आकाश ने मिलकर रचा और आकाश ने अपने दोस्त बादल को इसमें शामिल किया. घरवालों ने पहले अनिल की गुमशुदगी दर्ज कराई, लेकिन उन्हें कुछ ही दिनों में एहसास हो गया कि उसका कत्ल हुआ है. जिसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर दी और केस दर्ज कराया. फिलहाल अनिल के शव की तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द शव को तलाश कर लिया जाएगा.