
मेरठ में बिजली संकट से परेशान लोगों का गुस्सा अब खुलकर सामने आ रहा है. गंगानगर क्षेत्र में 33 केवी लाइन में फॉल्ट की वजह से सूरजकुंड रोड, हनुमान पुरी, पटेल नगर, मोहनपुरी और दयालेश्वर मंदिर जैसे इलाकों में कई घंटे तक बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप रही. इस बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ.
गर्मी से तिलमिला कर पहुंची थीं बिजली घर
गर्मी और बिजली की लगातार कटौती से परेशान होकर इलाके की महिलाएं इंदिरा चौक स्थित बिजलीघर पर पहुंच गईं. वहां मौजूद जूनियर इंजीनियर (जेई) को उन्होंने घेर लिया और गुस्से में खूब खरी-खोटी सुनाईं. महिलाओं ने कहा कि जब आप बिजली की सप्लाई नहीं संभाल पा रहे, तो “लो, चूड़ियां पहन लो”. इस दौरान कुछ लोगों ने नारेबाजी भी की और कर्मचारियों की लापरवाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. स्थानीय लोगों ने बताया कि घंटों बिजली न होने से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को भारी दिक्कतें हो रही हैं, लेकिन बिजली विभाग से कोई मदद नहीं मिल रही.
वहीं दूसरी ओर, प्रदेश सरकार और ऊर्जा विभाग लगातार यह दावा कर रहे हैं कि राज्य में बिजली संकट नहीं है. लेकिन ज़मीनी सच्चाई कुछ और ही बयां कर रही है. लोगों का कहना है कि अब अगर हालात नहीं सुधरे तो बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा.