UPPSC RO/ARO Exam: 27 जुलाई को प्रस्तावित समीक्षा अधिकारी (आरओ)/सहायक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) प्रारंभिक परीक्षा 2023 की तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश लोक सेवन आयोग में आज मंगलवार को नोडल अधिकारियों की बैठक होगी। बैठक में अफसरों को परीक्षा संबंधी प्रक्रिया और नए नियमों के बारे में जानकारी दी जाएगी। आयोग परीक्षा से 10 दिन पहले प्रवेश पत्र जारी करेगा। परीक्षा की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
एक पाली में ही होगी परीक्षा
आपको बता दें कि प्रश्नपत्रों के प्रारूप में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है, बल्कि दोनों प्रश्न पत्रों को अब एक प्रश्न पत्र में समायोजित कर दिया गया है। परीक्षा अब दो पालियों की जगह तीन घंटे की एक पाली में ही आयोजित की जाएगी। परीक्षा सुबह 9:30 से दोपहर 12:20 बजे तक आयोजित होगी। इस बार प्रदेश के सभी 75 जिलों में परीक्षा केंद्र होंगे।
डेढ़ साल बाद दोबारा हो रही परीक्षा
बता दें कि 11 फरवरी 2024 को प्रारंभिक परीक्षा के दौरान पेपरलीक के कारण सरकार को परीक्षा निरस्त करनी पड़ी थी, इसी पेपरलीक के कारण सरकार को उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अध्यादेश 2024 लागू करना पड़ा था। आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा-2023 पिछले साल 11 फरवरी को प्रदेश में 58 जिलों के 2387 केंद्रों में हुई थी। आरओ/एआरओ के 411 पदों पर भर्ती के लिए 10,76,004 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। यह परीक्षा डेढ़ साल बाद दोबारा आयोजित की जा रही है।