PNB Scam: पीएनबी फ्रॉड केस में चल रही कार्रवाई के बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्यवाही करते हुए मेहुल चोकसी से जुड़ी चार प्रॉपर्टी लिक्विडेटर को सौंप दी हैं। मुंबई के बोरिवली (ईस्ट) स्थित प्रोजेक्ट ‘तत्व, ऊर्जा-ए विंग’ के ये चार फ्लैट उन संपत्तियों में शामिल थे जिन्हें ईडी ने जांच के दौरान अटैच किया था। इन फ्लैट्स के ट्रांसफर होने के बाद अब लिक्विडेटर उन्हें नीलाम कर उनकी राशि सीधे पंजाब नेशनल बैंक (PNB), आईसीआईसीआई बैंक और अन्य पीड़ितों तक पहुंचाएगा। इससे पहले भी मुंबई, कोलकाता और सूरत में मौजूद करीब 310 करोड़ रुपये की संपत्तियां लिक्विडेटर को दी जा चुकी हैं।
2565 करोड़ की संपत्तियां अटैच
ईडी की जांच में पता चला कि 2014 से 2017 के बीच मेहुल चोकसी ने अपने सहयोगियों और पीएनबी के कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से फर्जी LoU जारी करवाए, जिसके चलते बैंक को 6097 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इसी दौरान वह आईसीआईसीआई बैंक से लिए गए लोन में भी डिफॉल्ट कर गया। कार्रवाई के दौरान ईडी ने 136 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की, 597 करोड़ रुपये की ज्वेलरी और कीमती सामान जब्त किया तथा भारत और विदेशों में मौजूद कुल 1968 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कीं। कुल जब्त और अटैच की गई संपत्तियों का आंकड़ा अब 2565 करोड़ रुपये पार कर गया है।
नीलामी से सीधे बैंक को मिलेगा पैसा—प्रक्रिया तेज
अदालती आदेश के अनुसार ईडी, बैंक और लिक्विडेटर मिलकर संपत्तियों की बिक्री प्रक्रिया को तेज कर रहे हैं। नीलामी से मिलने वाली पूरी राशि सीधे पीएनबी और आईसीआईसीआई बैंक के खातों में जमा की जाएगी, ताकि पीड़ितों को जल्द राहत मिल सके। ईडी का कहना है कि बची हुई संपत्तियों को भी शीघ्र लिक्विडेटर और बैंकों को सौंप दिया जाएगा, जिससे बड़े घोटाले में वसूली का काम तेजी से आगे बढ़ सके।