Mercedes-Benz New Launch: जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता कंपनी Mercedes-Benz भारतीय बाजार में अपनी नई सनसनी CLA Electric को लॉन्च करने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह इलेक्ट्रिक कार भारत में 24 अप्रैल 2026 को लॉन्च होगी। यह कार कंपनी की पेट्रोल-डीजल वाली ए-क्लास लिमोसिन की जगह लेगी। आइए जानते हैं कि भारत में आने वाली इस कार के डिजाइन, रेंज और फीचर्स के बारे में जानते हैं।
कार की बुकिंग शुरू
मर्सिडीज-बेंज ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि Mercedes-Benz CLA EV भारत में 24 अप्रैल 2026 को लॉन्च की जाएगी। इसकी बुकिंग शुरू हो चुकी है। कार Clear Blue, Cosmic Black, Polar White, Alpine Grey और Patagonia Red जैसे कलर ऑप्शन्स में उपलब्ध होगी।
कैसा होगा डिजाइन
इसका आकार पिछले मॉडल जैसा ही है। हालांकि, इसमें स्टार शेप वाली LED लाइट्स और क्लोज्ड ग्रिल दी गई है। इसके अलावा, कार में स्टार शेप वाली टेललाइट और 18 इंच के अलॉय व्हील मिलते हैं। कार के अगले बंपर को नया डिजाइन दिया गया है और इसमें छोटे एयर इंटेक भी दिए गए हैं।
इंटीरियर का डिजाइन
इंटीरियर में Mercedes का लेटेस्ट डिजिटल-फर्स्ट डिजाइन मिलेगा, जो काफी प्रीमियम और फ्यूचरिस्टिक फील देता है। इसमें 10.25-इंच का ड्राइवर डिस्प्ले और 14-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जबकि इंटरनेशनल मॉडल में पैसेंजर के लिए अलग डिस्प्ले भी दिया गया है।
बैटरी और रेंज
Mercedes-Benz CLA Electric में 85kWh की बैटरी दी गई है जो एक बार चार्ज करने पर 792 किमी तक की रेंज (WLTP) देगी। इसमें पीछे की तरफ लगी इलेक्ट्रिक मोटर 272 हॉर्स पावर की ताकत देती है जिससे यह कार सिर्फ 6.7 सेकंड में 100 की स्पीड पकड़ लेती है। यह कार 240kW DC फास्ट चार्जर के जरिए मात्र 20 मिनट में 400 किमी तक की रेंज हासिल कर सकती है।
सेफ्टी फीचर्स
इसमें लेवल-2 ADAS (एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम), 360-डिग्री कैमरा और 6 एयरबैग्स जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसे Euro NCAP में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिल चुकी है।