फुटबॉल के महान खिलाड़ी लियोनेल मेसी का हालिया मुंबई दौरा सिर्फ खेल प्रेमियों के लिए ही नहीं, बल्कि बॉलीवुड सितारों और उनके परिवारों के लिए भी खास बन गया। GOAT इंडिया टूर के तहत मेसी की मौजूदगी ने वानखेड़े स्टेडियम को यादगार बना दिया। इस खास मौके पर शाहिद कपूर, शिल्पा शेट्टी, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ जैसे बड़े सितारे भी नजर आए। लेकिन सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं बच्चों की खुशी और उनकी मेसी से मुलाकात ने, जिसने इस इवेंट को भावनात्मक रंग दे दिया।
शाहिद कपूर के साथ बेटी और बेटा भी
शाहिद कपूर वानखेड़े स्टेडियम पहुंचे तो उनके साथ बेटी मीशा और बेटा जैन भी मौजूद थे। इस खास मुलाकात के दौरान शाहिद खुद पीछे रहे, जबकि उनके दोनों बच्चों ने लियोनेल मेसी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। इस पल की खुशी शाहिद की पत्नी मीरा राजपूत ने भी सोशल मीडिया पर शेयर की। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी में मजाकिया अंदाज में लिखा, अब आप GOAT डैड बन गए हो, जिसने इस यादगार लम्हे को और खास बना दिया।
ये भी पढ़ें : Smartphone और AI बना रहे परिवारों में दूरी, रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा, आप भी जानिए !
शिल्पा शेट्टी बेटे वियान के साथ पहुंची
इसी इवेंट में शिल्पा शेट्टी भी अपने बेटे वियान के साथ नजर आईं। मेसी से मुलाकात के बाद मां-बेटे दोनों के चेहरे पर मुस्कान साफ दिखाई दे रही थी। स्टेडियम से बाहर निकलते वक्त शिल्पा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह अनुभव बेहद शानदार रहा। उन्होंने कहा कि वियान का सपना पूरा हो गया। शिल्पा के शब्दों में यह सिर्फ एक मुलाकात नहीं थी, बल्कि एक बच्चे के लिए जिंदगी भर याद रहने वाला पल था।
इवेंट मुंबई के लिए खास
GOAT इंडिया टूर का यह इवेंट मुंबई के लिए खास बन गया, जहां खेल और सिनेमा की दुनिया एक साथ नजर आई। लियोनेल मेसी की मौजूदगी ने बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को उत्साहित कर दिया। जहां एक ओर स्टार किड्स के सपने पूरे हुए, वहीं दूसरी ओर बॉलीवुड सितारों ने भी इस पल को पूरे परिवार के साथ एंजॉय किया। मेसी का यह दौरा साबित करता है कि खेल की दुनिया की महान हस्तियां कैसे पीढ़ियों को जोड़ देती हैं और ऐसे लम्हे बनाती हैं, जो लंबे समय तक याद रखे जाते हैं।