Messi shines on India tour: दुनिया के महान फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार लियोनल मेसी अपने तीन दिवसीय भारत दौरे के तहत कोलकाता के बाद अब हैदराबाद पहुंच गए हैं। शुक्रवार सुबह कोलकाता पहुंचने के बाद मेसी ने सॉल्ट लेक स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। हालांकि कार्यक्रम से उनके जल्दी रवाना होने के कारण वहां मौजूद फैंस में नाराजगी भी देखने को मिली। इसके बाद मेसी हैदराबाद पहुंचे, जहां उनके स्वागत को लेकर जबरदस्त उत्साह नजर आ रहा है। अब सभी की निगाहें राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में होने वाले फ्रेंडली फुटबॉल मैच पर टिकी हैं।
हैदराबाद एयरपोर्ट पर लियोनल मेसी का स्वागत तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने किया। यह दौरा खेल और मनोरंजन दोनों लिहाज से खास माना जा रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार, फ्रेंडली मैच शुरू होने से ठीक पहले मुख्यमंत्री और मेसी मैदान पर कुछ देर बॉल ड्रिबल करते नजर आएंगे। इस मुकाबले को दर्शकों के लिए यादगार बनाने के लिए कई गतिविधियां भी जोड़ी गई हैं। आयोजकों के अनुसार मैच का परिणाम पेनल्टी शूटआउट से तय होगा, जिसमें दोनों टीमों को तीन-तीन मौके दिए जाएंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
कोलकाता में हुए हंगामे को देखते हुए हैदराबाद में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई है। स्टेडियम और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। दर्शकों को क्यूआर कोड स्कैन कर एक बार ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके। मेसी के सम्मान में एक विशेष सांस्कृतिक और म्यूजिकल कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है।
आगे मुंबई और दिल्ली का दौरा
हैदराबाद के बाद लियोनल मेसी 14 दिसंबर को मुंबई पहुंचेंगे। वहां वह क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया में पैडल कप और एक सेलिब्रिटी फुटबॉल मैच में हिस्सा लेंगे। वानखेड़े स्टेडियम में भी उनका एक कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके बाद 15 दिसंबर को मेसी दिल्ली जाएंगे, जहां अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी मुलाकात तय मानी जा रही है।