अर्जेंटीना के वर्ल्ड चैंपियन सुपरस्टार लियोनल मेसी का भारत दौरा उम्मीदों और रोमांच से भरा था, लेकिन पहले ही दिन सबकुछ उलट-पुलट हो गया। करीब 14 साल बाद भारत पहुंचे मेसी का स्वागत जबरदस्त क्रेज के साथ हुआ, मगर कोलकाता में हुआ पहला इवेंट बवाल में बदल गया। सॉल्ट लेक स्टेडियम में हजारों फैंस सिर्फ मेसी की एक झलक पाने के लिए पहुंचे थे, लेकिन अव्यवस्था के कारण हालात बिगड़ गए। मेसी स्टेडियम में सिर्फ 10 से 15 मिनट ही रुक पाए और उन्हें बीच में ही कार्यक्रम छोड़ना पड़ा। फैंस को उम्मीद के मुताबिक मेसी देखने का मौका नहीं मिला, जिससे नाराज भीड़ ने स्टेडियम में तोड़-फोड़ शुरू कर दी और इवेंट को बीच में ही रोकना पड़ा।
फैंस का गुस्सा
कोलकाता का कार्यक्रम इसलिए भी ज्यादा चर्चा में रहा क्योंकि इंतजाम बेहद कमजोर नजर आए। न तो एंट्री सही तरीके से संभाली गई और न ही सुरक्षा व्यवस्था फैंस के दबाव को झेल पाई। मेसी मंच पर आए जरूर, लेकिन फैंस से खुलकर मिलने या उन्हें समय देने का मौका नहीं मिला। जैसे ही यह साफ हुआ कि मेसी वापस जा रहे हैं, माहौल बिगड़ गया। कुर्सियां टूटीं, गेट पर धक्का-मुक्की हुई और पूरा स्टेडियम हंगामे की चपेट में आ गया। इस बवाल के बाद सभी की नजरें मेसी के अगले इवेंट यानी हैदराबाद पर टिक गईं। सवाल यही था कि क्या वहां भी हालात बेकाबू होंगे या आयोजक सबक लेंगे?
हैदराबाद में राहत
शाम होते-होते हैदराबाद में तस्वीर पूरी तरह बदल गई। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम बिना किसी ड्रामे के सफलतापूर्वक पूरा हुआ। यहां मेसी ने हाथ हिलाकर फैंस का अभिवादन किया और उनका जोश बढ़ाया। उन्होंने एक फुटबॉल पर शानदार शॉट लगाकर उसे दर्शकों की ओर उछाल दिया, जिससे स्टेडियम तालियों से गूंज उठा। इस दौरान एक छोटा सा फुटबॉल मैच भी खेला गया, जिसमें मेसी खुद मैदान पर उतरे। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी भी इस मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने मेसी के साथ कुछ देर फुटबॉल खेला। करीब सवा घंटे तक चले इस कार्यक्रम में हर चीज योजना के मुताबिक चली।
खास मुलाकातें
हैदराबाद इवेंट की एक और खास बात रही कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मौजूदगी। राहुल गांधी ने मेसी से मुलाकात की, उनके साथ फोटो खिंचवाई और कुछ देर बातचीत भी की। इस दौरान मेसी ने उन्हें अपनी मशहूर 10 नंबर की अर्जेंटीना जर्सी गिफ्ट की, जो फैंस के बीच चर्चा का विषय बन गई। इस दौरे में मेसी के साथ उनके करीबी दोस्त लुइस सुआरेज और अर्जेंटीना के खिलाड़ी रोड्रिगो डि पॉल भी शामिल हैं। हैदराबाद में मिले प्यार और सम्मान ने मेसी को भी राहत दी और भारतीय फैंस को अपने हीरो की एक यादगार झलक देखने का मौका मिल गया।