Meta Enterprise Platform: फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप की पैरेंट कंपनी मेटा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में एक नया और बड़ा कारोबार शुरू करने जा रही है। कंपनी ने अपने इस नए एंटरप्राइज एआई बिजनेस की जिम्मेदारी भारतीय मूल के टेक एग्जीक्यूटिव चिरंतन सीजे देसाई को दी है। देसाई अब सीधे मेटा के संस्थापक और सीईओ मार्क जकरबर्ग को रिपोर्ट करेंगे।
मेटा एंटरप्राइज प्लेटफॉर्म किया लॉन्च
मेटा ने मेटा एंटरप्राइज प्लेटफॉर्म लॉन्च किया है। इसका मुख्य उद्देश्य मेटा के शक्तिशाली AI मॉडल, AI एजेंट और अन्य टूल्स को दुनिया भर की कंपनियों और डेवलपर्स तक पहुंचाना है। मार्क जकरबर्ग ने इसे मेटा के बिजनेस का अगला सबसे बड़ा पिलर बताया है।
कौन हैं चिरंतन सीजे देसाई
बता दें कि चिरंतन देसाई का शुरुआती जीवन भारत में बीता। वे 1993 में अमेरिका गए और 1995 में यूनिवर्सिटी ऑफ इलिनॉय-अर्बाना-शैंपेन से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री और एमबीए की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने 1995 में ओरेकल से अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद सिमेंटेक, ईएमसी, सर्विसनाउ, क्लाउडफ्लेयर और मोंगोडीबी जैसी दिग्गज टेक कंपनियों में शीर्ष पदों पर काम किया। सर्विसनाउ में प्रेसिडेंट और सीओओ के पद पर रहते हुए उन्होंने कंपनी को नई ऊचांइयों पर पुहंचाया। देसाई ने ओरेकल और पिवोटल सॉफ्टवेयर के लिए बेंगलुरु में ऑफशोर बिजनेस सेट अप किया और उसे सफलता से चलाया। भारत के टेक इकोसिस्टम और टैलेंट के साथ उनका लंबा अनुभव रहा है।
यह भी पढ़ें: Flipkart Sale: इस दिन से शुरू होगी फ्लिपकार्ट की Big Billion Days Sale, जानिए अली एक्सेस और ऑफर्स
मेटा में बढ़ेगा भारतीय नेतृत्व
यह कदम इसलिए भी खास है क्योंकि हाल ही में मेटा ने भारतीय मूल के कुणाल शाह को वॉट्सऐप का नया सीईओ बनाया था। अब चिरंतन देसाई की एंट्री के साथ मेटा के टॉप लीडरशिप में एक और भारतीय मूल का चेहरा शामिल हो गया है। जैसे माइक्रोसॉफ्ट में सत्य नडेला और गूगल में सुंदर पिचाई हैं।
मेटा के लिए भारत सबसे बड़ा बाजार
मेटा के लिए भारत हमेशा से एक बेहद अहम बाजार रहा है। भारत में करोड़ों लोग रोजाना फेसबुक, इंस्टाग्राम और वॉट्सऐप का इस्तेमाल करते हैं। मेटा ने भारत में छोटे कारोबारियों के लिए वॉट्सऐप पर बिजनेस एआई सेवा भी शुरू की है। यह एआई टूल स्थानीय भाषाओं में ग्राहकों के सवालों के जवाब देता है, प्रोडक्ट की जानकारी देता है, अपॉइंटमेंट बुक करता है और बिक्री बढ़ाने में मदद करता है।