भोपाल अब सिर्फ राजधानी नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश का पहला मेट्रोपॉलिटन रीजन बनने जा रहा है। सरकार ने भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन (BMR) को मंजूरी दे दी है, जिसमें भोपाल समेत सीहोर, रायसेन, विदिशा और राजगढ़ जिले शामिल होंगे। 9600 वर्ग किमी क्षेत्रफल और 70 लाख की आबादी को कवर करने वाला यह रीजन न सिर्फ विकास का नया नक्शा खींचेगा, बल्कि भोपाल को दिल्ली-मुंबई जैसे महानगरों की कतार में खड़ा करेगा। इससे न केवल बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी, बल्कि शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य के भी बेहतरीन अवसर सामने आएंगे।
अब भोपाल बीएमआर: पांच जिले, एक महानगर
भोपाल मेट्रोपॉलिटन रीजन (BMR) के दायरे में आने वाले जिले हैं- भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा और राजगढ़। पहले इसका क्षेत्र सिर्फ 463 वर्ग किमी था, लेकिन अब यह लगभग 21 गुना बढ़कर 9600 वर्ग किमी हो जाएगा। यह देश का 13वां राज्य होगा जहां मेट्रोपॉलिटन रीजन बनेगा। इससे राजधानी के चारों ओर सैटेलाइट टाउनशिप विकसित होंगी।
मेट्रो और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट सिस्टम से आसान सफर
BMR के अंतर्गत मेट्रो, इलेक्ट्रिक बसें, स्मार्ट बस स्टॉप और एकीकृत ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम जैसे अत्याधुनिक साधन शामिल होंगे। अगस्त 2025 तक पहली मेट्रो लाइन सुभाष नगर से एम्स तक शुरू होने की उम्मीद है, जिससे यातायात जाम की समस्या घटेगी और समय की बचत होगी।
रोजगार और निवेश को मिलेगा बढ़ावा
मंडीदीप और अचारपुरा को मिलाकर दो बड़े औद्योगिक क्लस्टर विकसित किए जाएंगे। साथ ही IT पार्क, स्टार्टअप हब और मेडिकल डिवाइस इंडस्ट्री जैसे सेक्टर में निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे युवाओं के लिए रोजगार के हजारों अवसर तैयार होंगे।
पर्यटन और शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
बीएमआर में 5 जिलों के 37 पर्यटन स्थल एक ही सर्किट में शामिल होंगे। वहीं, 70 लाख आबादी को ध्यान में रखते हुए नए विश्वविद्यालय, कॉलेज और रिसर्च सेंटर की स्थापना की जाएगी, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा।
हरे-भरे भोपाल की ओर कदम
ग्रीन जोन, बायोडायवर्सिटी संरक्षण, नदी-झीलों का पुनर्जीवन और बड़े पार्कों का निर्माण मेट्रोपॉलिटन प्लान का हिस्सा होंगे। इससे शहर को मिलेगी स्वच्छ हवा और नागरिकों को मिलेगा बेहतर जीवनस्तर।