मेक्सिको में सुरक्षा हालात अचानक बिगड़ गए हैं। मैक्सिकन सेना ने एक बड़े ऑपरेशन में कुख्यात ड्रग कार्टेल लीडर नेमेसियो ओसेगुएरा सर्वेंटेस उर्फ एल मेंचो को मार गिराया। वह जलिस्को न्यू जनरेशन कार्टेल का प्रमुख था और मेक्सिको व अमेरिका में मोस्ट वांटेड अपराधियों में शामिल था। उसकी मौत के बाद कई इलाकों में हिंसा, आगजनी और दहशत का माहौल बन गया है।
कई शहरों में तनाव और बंद स्कूल
रिपोर्ट्स के मुताबिक कई शहरों में सड़कों पर उपद्रव हुआ है। वाहनों में आग लगाने और फायरिंग की घटनाएं सामने आई हैं। कुछ इलाकों में स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई जगहों पर धुआं उठता दिख रहा है। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा बलों को तैनात कर हालात काबू में करने की कोशिश शुरू कर दी है।
भारतीय दूतावास ने जारी की सलाह
मेक्सिको में रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और फिलहाल घर या सुरक्षित स्थान पर ही रहें। जिन इलाकों में सुरक्षा अभियान चल रहा है, वहां जाने से बचने को कहा गया है। भीड़भाड़ वाली जगहों से दूर रहने और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें : गिरफ्तारी होगी तो क्या करेंगे Shankaracharya? Swami Avimukteshwaranand ने जांच, CCTV और कथित CD पर खोला अपना प्लान
किन इलाकों में ज्यादा अलर्ट
दूतावास के अनुसार जलिस्को राज्य के प्यूर्टो वालार्टा, चपाला और ग्वाडलहारा, तमाउलिपास के रेनोसा समेत मिचोआकान, गुएरेरो और न्यूवो लियोन के कुछ हिस्सों में हालात संवेदनशील हैं। इन जगहों पर सड़कें बंद होने और आपराधिक गतिविधियों की खबरें हैं। ऐसे में अगली सूचना तक बाहर निकलने से बचने को कहा गया है।
आपात स्थिति में क्या करें
अगर कोई भारतीय नागरिक किसी आपात स्थिति में फंस जाता है तो स्थानीय आपातकालीन सेवा नंबर 911 पर तुरंत कॉल करें। साथ ही अपने परिजनों और दोस्तों को अपनी लोकेशन और हाल-चाल की जानकारी फोन या संदेश के जरिए देते रहें। नियमित रूप से स्थानीय खबरों पर नजर रखने की भी सलाह दी गई है।
इस नंबर पर मांगें मदद
भारतीय दूतावास ने भरोसा दिलाया है कि जरूरत पड़ने पर हर संभव मदद दी जाएगी। मेक्सिको में रह रहे भारतीय नागरिक सहायता के लिए +52 55 4847 7539 पर संपर्क कर सकते हैं। दूतावास ने कहा है कि किसी भी परेशानी की स्थिति में घबराएं नहीं और तुरंत आधिकारिक हेल्पलाइन से जुड़ें।