जहां लॉर्ड्स में सीनियर टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा टेस्ट खेल रही है, वहीं कुछ मील दूर बेकेनहम के केंट काउंटी ग्राउंड पर भारत की अंडर-19 टीम ने भी इंग्लैंड को बल्ले से करारा जवाब दिया. यूथ टेस्ट के पहले दिन भारत के युवा बल्लेबाजों ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए पहली पारी में 540 रन का पहाड़ खड़ा कर दिया.
आयुष म्हात्रे का धमाकेदार शतक, वॉन के बेटे को जड़ा छक्का
भारत के अंडर-19 कप्तान आयुष म्हात्रे पहले दिन के सुपरस्टार रहे. उन्होंने महज 115 गेंदों पर 102 रनों की पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 2 गगनचुंबी छक्के शामिल थे. खास बात यह रही कि आयुष ने अपना शतक इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन के बेटे आर्ची वॉन की गेंद पर छक्का जड़कर पूरा किया. यूथ वनडे सीरीज में फ्लॉप रहे आयुष ने इस टेस्ट में जोरदार वापसी की है.
धमाकेदार साझेदारियां, मल्होत्रा और कुंदू की बेहतरीन पारी
म्हात्रे ने विहान मल्होत्रा के साथ 173 रनों की साझेदारी की, जिसमें मल्होत्रा ने 99 गेंदों पर 67 रनों का योगदान दिया. वहीं, अभिज्ञान कुंदू ने भी 95 गेंदों में 90 रन ठोककर टीम को मजबूती दी. राहुल कुमार (85 रन, 81 गेंद) और अंबरीश (70 रन, 124 गेंद) ने भी रनगति बनाए रखी.
वैभव खामोश, इंग्लिश गेंदबाजों को खूब पड़ी मार
यूथ वनडे में चमकने वाले वैभव सूर्यवंशी इस बार कुछ खास नहीं कर सके. उन्होंने केवल 13 गेंदों पर 14 रन बनाए और एलेक्स ग्रीन का शिकार बने. इंग्लैंड के लिए ग्रीन और अलबर्ट ने तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि आर्ची वॉन और जैक होम को दो-दो सफलता मिली.
भारत U-19 ने दिखाया दम, इंग्लैंड पर दबाव
पहले दिन के खेल में भारत अंडर-19 टीम ने इंग्लैंड के सामने एक मजबूत स्कोर खड़ा कर दिया है. कप्तान आयुष म्हात्रे की कप्तानी पारी ने इस यूथ टेस्ट को यादगार बना दिया है और भारतीय युवा ब्रिगेड ने आने वाले क्रिकेट भविष्य की झलक दे दी है.