उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र स्थित बम्हौर गांव में हिंदू समुदाय के लगभग 45 परिवारों ने अपने घरों की दीवारों पर 'मकान बिकाऊ है' और 'पलायन' जैसे शब्द लिखकर गांव छोड़ने की घोषणा की है. ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ मुस्लिम युवक उनकी बेटियों को तंग करते हैं और पूजा-पाठ करने में भी विघ्न डालते हैं.
शादी समारोह में की थी छींटाकशी
इससे पहले 3 जून को एक शादी समारोह के दौरान लावा परछन के दौरान कुछ युवकों ने लड़कियों पर छींटाकशी की थी. इसके साथ ही डांस का वीडियो भी बना रहे थे. आपत्ति जताने पर दोनों पक्षों में विवाद हुआ. इसी को लेकर संघर्ष हुआ था, जिसमें आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे.
पुलिस की कार्रवाई के बाद भी मिल रही धमकियां
पुलिस ने इस मामले में 17 नामजद और करीब 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सात अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था. हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद मुस्लिम समुदाय के लोग उन्हें धमका रहे हैं, जिससे वो गांव छोड़ने को मजबूर हैं.
जिद पर अड़े हुए हैं ग्रामीण
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और इन परिवारों को सुरक्षा का भरोसा दिया है. इसके बावजूद, ग्रामीण अपनी जिद पर अड़े हुए हैं. गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और खुफिया विभाग की टीम भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.