पुलिस की जांच में दूधिया को गोली मारने की घटना फर्जी पाई गई। दूधिया ने एक युवक को फंसाने के लिए अपने दोस्त से 32 बोर की पिस्टल लेकर खुद गोली मारी थी। पुलिस ने पिस्टल देने वाले दूधिया के दोस्त को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पिस्टल बरामद कर ली है। दूधिया भी पुलिस की हिरासत में है।
दीपक वैगनआर से दूध लेकर आ रहा था
शनिवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया, 12 फरवरी को खरखौदा थाना क्षेत्र के खड़खड़ी गांव निवासी प्रदीप कुमार लोहिया नगर थाना पुलिस को सूचना दी थी कि उनके बेटे दीपक की हत्या के इरादे से एक युवक ने उसे गोली मारी दी, जो उसके पैर में लगी। घटना के समय दीपक वैगनआर से दूध लेकर आ रहा था। एसपी सिटी ने बताया, पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर थाना प्रभारी नेत्रपाल ने जांच की तो उन्हें घटना संदिग्ध प्रतित हुई।
सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले
मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस ने घटना स्थल से आरोपी और पीड़ित की मोबाइल की सीडीआर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। जांच के दौरान पता चला कि कुछ दिन पहले दीपक का मायापुरी निवासी प्रदीप से विवाद हुआ था। प्रदीप को फंसाने के लिए दीपक और हर्ष ने मिलकर साजिश रची। जांच के बाद पुलिस ने शनिवार को हर्ष निवासी जागृति विहार थाना मेडिकल को गिरफ्तार कर लिया।
ठीक होने पर उसे भी जेल भेजा जाएगा
हर्ष ने पूछताछ में पुलिस को बताया, प्रवेश विहार में प्रोविजनल स्टोर मालिक पर गोली चलाने वाले अभय भड़ाना ने गाजियाबाद में एक घटना के दौरान 32 बोर की पिस्टल उसे दी थी। इसकी जानकारी दीपक को थी। दीपक ने हर्ष से वह पिस्टल लेकर खुद पैर में गोली मारी और मायापुरी निवासी प्रदीप को फंसाने के साजिश की गई थी। जांच के दौरान फोरेंसिक टीम ने भी नमूने लिए थे और खुद गोली मारने के बाद दीपक ने पिस्टल को गाड़ी में छिपा दिया था। एसपी सिटी ने बताया, पिस्टल बरामद करने के बाद हर्ष को जेल भेज दियाहै और दीपक को भी हिरासत में लिया गया है, क्योंकि उसका अभी आनंद अस्पताल में इलाज चल रहा है। ठीक होने पर उसे भी जेल भेजा जाएगा।