
पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के रिलायंस रोड पर सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार मिनी बस एक ऑटो से टकरा गई। इसके बाद ऑटो क्षतिग्रस्त हालत में एक बाइक से टकरा गया। इस हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गई। जबकि उसमें सवार सवारी गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को मौके से हटाकर यातायात सुचारू कराया।
जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-09 पर सोमवार को हापुड़ से गाजियाबाद की तरफ एक ऑटो कुछ सवारियों को लेकर जा रहा था। जब वह पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के रिलांयस रोड पर पहुंचा तो एक मिनी बस ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। जब ऑटो क्षतिग्रस्त हुआ तो उसने एक बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के बाद भीषण जाम लग गया था।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने ऑटो सवार घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान ऑटो चालक जिला बुलंदशहर के थाना बीबीनगर के गांव चितसोना अल्लीपुर निवासी मोनू शर्मा की मौत हो गई। जैसे ही परिजन को मोनू शर्मा की मौत की खबर मिली तो उनमें कोहराम मच गया।
इस मामले में पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार ने बताया कि इस हादसे में मृतक के परिजन को सूचना दे दी गई है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है। तहरीर मिलने के बाद इस घटना का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू कर दिया है।