Bulandshahr News: खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पिता से मामूली कहासुनी के बाद युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पिता से हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान लक्की नामक नाबालिग युवक के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि देर शाम किसी बात को लेकर उसका अपने पिता से विवाद हो गया था। इसके बाद युवक ने आवेश में आकर घर के भीतर ही फंदा लगा लिया।
परिजनों में मची चीख पुकार
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में युवक को उपचार के लिए सूरजमल जटिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में युवक की मौत की पुष्टि होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। यह घटना खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के न्यू शिवपुरी (आरा मशीन वाली गली) की बताई जा रही है।