East Delhi News: पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। 18 ब्लॉक इलाके में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद कुछ युवकों ने 13 ब्लॉक निवासी 18 वर्षीय अंकुश पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
इलाके में अफरा-तफरी मच गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच मामूली मारपीट हुई थी। कुछ देर बाद एक पक्ष के कई युवक चाकू लेकर दोबारा मौके पर पहुंचे और अंकुश को घेरकर उस पर कई वार किए। अचानक हुए हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही
घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल
पुलिस का कहना है कि घायल युवक के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि मामूली विवादों का तेजी से हिंसक रूप लेना चिंता का विषय बनता जा रहा है।