बुलंदशहर,। जनपद के पहासू थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कस्बा पहासू के मोहल्ला लोधी नगर में रहने वाली एक नाबालिग लड़की ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की अपने घर पर अपनी मां और भाई के साथ रहती थी। परिजनों के अनुसार, घटना के समय वह घर में अकेली थी। जब काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आई तो परिजनों ने दरवाजा खोला, जहां लड़की को फंदे पर लटका देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में मामले की सूचना पहासू थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पहासू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इसके बाद नाबालिग लड़की के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है और मोबाइल, पारिवारिक परिस्थितियों समेत सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पहासू थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हर एंगल से पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद से मोहल्ले में शोक की लहर है।