.jpg%3Falt%3Dmedia%26token%3D8333e2f2-728d-458f-a1d6-020cac730fb3&w=3840&q=75)
A.P.J Abdul Kalam Birthday : 15 अक्टूबर भारत के इतिहास में एक अत्यंत प्रेरणादायक दिन के रूप में दर्ज है, क्योंकि इसी दिन वर्ष 1931 में एक महान वैज्ञानिक, विचारक, और भारत के 11वें राष्ट्रपति डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम का जन्म हुआ था. उन्हें 'मिसाइल मैन ऑफ इंडिया' और 'जनता के राष्ट्रपति' जैसे सम्मानजनक उपाधियों से नवाजा गया। उनका जीवन सादगी, समर्पण और सेवा की मिसाल है, जिसने करोड़ों युवाओं को सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा दी.
डॉ. कलाम का जन्म तमिलनाडु के रामेश्वरम में एक मछुआरे परिवार में हुआ था. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने शिक्षा को अपना लक्ष्य बनाया और कठिन परिश्रम से वैज्ञानिक बनकर देश की सेवा की। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) में उनके योगदान ने भारत को स्वदेशी मिसाइल तकनीक में आत्मनिर्भर बनाया. अग्नि और पृथ्वी जैसे मिसाइल प्रोजेक्ट्स की सफलता के पीछे उनका ही मार्गदर्शन था.
वैज्ञानिक के रूप में अपार सफलता के बाद, 2002 में डॉ. कलाम भारत के राष्ट्रपति बने। उन्होंने राष्ट्रपति पद को केवल औपचारिक न बनाकर उसे जनता के साथ संवाद और युवाओं के लिए प्रेरणा का माध्यम बना दिया। वे बच्चों और युवाओं से विशेष प्रेम करते थे और मानते थे कि आने वाला भारत, युवाओं के हाथों में है. डॉ. कलाम का जीवन एक गहरा संदेश देता है कि गरीबी, सीमित संसाधन या कठिनाइयाँ कभी भी किसी व्यक्ति के सपनों की राह में बाधा नहीं बन सकतीं। उन्होंने कहा था, "सपने वो नहीं जो हम सोते वक्त देखते हैं, सपने वो हैं जो हमें सोने नहीं देते।" उनका यही विचार आज भी लाखों युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है.
27 जुलाई 2015 को, जब वे छात्रों को संबोधित कर रहे थे, उसी दौरान उनका निधन हो गया. यह एक ऐसा क्षण था जिसने पूरे देश को शोक में डाल दिया, लेकिन उनके विचार और आदर्श आज भी हमारे बीच जीवित हैं. 15 अक्टूबर सिर्फ एक तिथि नहीं, बल्कि उस महान आत्मा की याद दिलाने वाला दिन है जिसने अपना पूरा जीवन देश, विज्ञान और शिक्षा को समर्पित कर दिया। डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम का जन्मदिवस हमें यह सिखाता है कि कठिन परिश्रम, ईमानदारी और सकारात्मक सोच से हम किसी भी ऊँचाई तक पहुँच सकते हैं। उनके विचार और योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे.