Mobile Blast Indore News : इंदौर में एक दर्दनाक हादसे में मोबाइल चार्जिंग पर इस्तेमाल करना जानलेवा साबित हुआ. 14 साल की लड़की मोबाइल पर बात करते वक्त हुए ब्लास्ट की चपेट में आ गई. घटना के वक्त किशोरी गर्मी की छुट्टियां मामा के घर मना रही थी. यह हादसा मोबाइल के लापरवाह इस्तेमाल को लेकर बड़ा सबक दे गया है.
फोन पर बात करते समय हुआ धमाका
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के चंद्रावतीगंज थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना हुई. 14 साल की उर्वशी नाम की छात्रा मोबाइल चार्जिंग पर लगाकर बात कर रही थी, तभी अचानक फोन में ब्लास्ट हो गया. धमाके की आवाज सुनकर परिजन दौड़े तो देखा कि उर्वशी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी है.
मोबाइल ब्लास्ट से गई जान
ब्लास्ट इतना तेज था कि उर्वशी का चेहरा, कान और जबड़ा बुरी तरह झुलस गया था. परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया और गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई.
गर्मी की छुट्टियों में आई थी मामा के घर
उर्वशी 9वीं कक्षा की छात्रा थी और सिमरोल गांव की रहने वाली थी. वह इन दिनों छुट्टियां मनाने के लिए मामा के घर आई थी. हादसे के वक्त माता-पिता शादी समारोह में गए थे. जैसे ही उन्हें घटना की खबर मिली, वे रोते-बिलखते वापस लौटे.
मोबाइल इस्तेमाल में बरतें सतर्कता
यह हादसा एक गंभीर चेतावनी है कि मोबाइल को चार्जिंग के दौरान इस्तेमाल करना कितना खतरनाक हो सकता है. विशेषज्ञ पहले ही बार-बार इस बात को लेकर आगाह कर चुके हैं कि लो-क्वालिटी चार्जर, ओवरचार्जिंग या सस्ते मोबाइल बैटरी से जानलेवा खतरा पैदा हो सकता है.