प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 75वां जन्मदिवस इस साल देशभर में खास अंदाज में मनाया जाएगा। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने सितंबर से दिसंबर तक कई भव्य कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। इसमें सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार, सांस्कृतिक आयोजन, पदयात्राएं और युवाओं से संवाद शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लेकर सभी मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता इन आयोजनों में भाग लेंगे।
सेवा पखवाड़ा और नमो पदयात्रा
17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक प्रदेशभर में “सेवा पखवाड़ा” चलाया जाएगा। इस दौरान रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर, स्वच्छता अभियान और गरीबों की मदद जैसे कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही सितंबर-अक्टूबर में “नमो पदयात्रा” निकाली जाएगी, जिसमें कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर मोदी सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएंगे।
विश्वविद्यालयों में विशेष आयोजन
प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिवस पर देश के 75 विश्वविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम होंगे। मध्यप्रदेश के कई चिन्हित विश्वविद्यालय भी इनमें भाग लेंगे। इन आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को प्रधानमंत्री के जीवन, उनके नेतृत्व और भारत के विकास पथ से जोड़ना है।
सरदार पटेल जयंती पर सांस्कृतिक कार्यक्रम
अक्टूबर-नवंबर में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती मनाई जाएगी। इस दौरान सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ खेलकूद प्रतियोगिताएं और तीन दिवसीय पदयात्रा आयोजित की जाएगी। इसमें युवा वर्ग और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
संविधान पदयात्रा और युवा कनेक्ट
नवंबर-दिसंबर में “संविधान पदयात्रा” निकाली जाएगी, जिसका मकसद नागरिकों को संवैधानिक मूल्यों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। साथ ही “विकसित भारत युवा कनेक्ट” के तहत संवादात्मक कार्यक्रम होंगे, जहां युवा अपने विचार रख सकेंगे।
अटल जयंती पर होगा समापन
पूरे कार्यक्रमों का समापन 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर होगा। इस दिन राज्यभर में विशेष आयोजन किए जाएंगे और सेवा-संस्कार की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा।