Modi Attacks Opposition: मेरठ में नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा के शुभारंभ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस, पर तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के लिए जनता का विश्वास और दिल जीतना जरूरी है, केवल संसद में सीटें हासिल कर लेने से यह संभव नहीं है। इस दौरान उन्होंने बुनियादी ढांचे के विकास और देश की वैश्विक छवि पर भी विस्तार से बात की।
विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर, नई रफ्तार
प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश समेत पूरा देश आधुनिक कनेक्टिविटी के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। मेरठ मेट्रो और नमो भारत सेवा के एक साथ शुभारंभ को उन्होंने विकसित भारत की झलक बताया। उनका कहना था कि शहर के भीतर मेट्रो और शहरों के बीच रैपिड रेल जैसी सुविधाएं भविष्य की जरूरत हैं, जो आम लोगों का जीवन आसान बनाएंगी।
सुरक्षित सफर
उन्होंने नमो भारत रैपिड रेल को नारी शक्ति के सशक्तिकरण का प्रतीक भी बताया। प्रधानमंत्री के अनुसार, इस परियोजना में बड़ी संख्या में महिलाएं विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं में कार्यरत हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था में सुधार और आधुनिक परिवहन ने लोगों को सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिया है।
आज उत्तर प्रदेश समेत पूरा देश वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर के नए युग का साक्षी बन रहा है। मेरठ मेट्रो, नमो भारत ट्रेन और रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के नए सेक्शन के शुभारंभ से NCR के लोगों का जीवन और अधिक सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनेगा। https://t.co/gm42Tk3Y7c
— Narendra Modi (@narendramodi) February 22, 2026
यह भी देखेंःAkhilesh challenges Deputy CM: डिप्टी सीएम को अखिलेश की चुनौती, 100 विधायक जुटाओ और बनो मुख्यमंत्री
AI समिट, कांग्रेस पर हमला
प्रधानमंत्री ने हाल में आयोजित एआई सम्मेलन का जिक्र करते हुए कहा कि यह आयोजन भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल देश की उपलब्धियों को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी राजनीति कर रहे हैं। उनके अनुसार, ऐसे व्यवहार से देश की छवि प्रभावित होती है।
विकास ही प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता बुनियादी ढांचे का विस्तार, किसानों का सशक्तिकरण और युवाओं के लिए अवसर सृजन है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण और शहरी विकास को समान महत्व दे रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि भारत की प्रगति को दुनिया सकारात्मक दृष्टि से देख रही है और देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।